
शव छोड़कर भागे लोग शहर के फुटेरा तालाब की घटना
किनारे मुंडन करा रहे लोग भी हुए शिकार
नवभारत,न्यूज
दमोह. शहर के फुटेरा तालाब के समीप शनिवार सुबह शव यात्रा ले जाते समय मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया. जिससे अफरा तफरी का माहौल बन गया और लोग शव छोड़कर अपनी जान बचाने का प्रयास करने लगे. कुछ देर बाद मधुमक्खी शांत हुई. तब चार लोग अर्थी को लेकर मुक्तिधाम तक पहुंचे.फुटेरा तालाब के पास हटा नाका मुक्तिधाम में शव यात्रा पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया. इस हमले में करीब आधा सैकड़ा से अधिक लोग घायल हुए जो काफी दूर भागकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचे.
शनिवार सुबह 11.30 बजे की यह घटना है.मांझी समाज की वरिष्ठ नेत्री शकुंतला रैकवार की अंतिम यात्रा असाटी वार्ड से हटा नाका मुक्तिधाम जा रही थी. अंतिम यात्रा में करीब दो सैकड़ा से अधिक लोग शामिल थे.फुटेरा तालाब के पास विश्राघाम घाट पर पूजन के लिए यात्रा रुकी थी. इसी दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया.अनुमान यह लगाया जा रहा है. शव यात्रा के साथ चल रही मटकी से जो धुआं निकल रहा था, वह धुआं पीपल के पेड़ में लगे मधुमक्खी के छत्ते में लगा और मधुमक्खी के झुंड ने शव यात्रा में शामिल लोगों पर हमला कर दिया.
लोग जान बचाने के लिए शव छोड़कर भाग गए. भाजपा युवा नेता मोंटी रैकवार ने बताया कि इसके बाद उन्होंने व्यापारी संजय असाटी, शंकर रैकवार और विनय रैकवार के साथ अर्थी को कंधा देकर शमशान तक पहुंचाया.मधुमक्खियों ने तालाब किनारे मुंडन करा रहे लोगों पर भी हमला किया.हालांकि घायलों में से कोई भी अस्पताल नहीं पहुंचा. उसके बाद जब मधुमक्खी का झुंड चला गया तब लोग मुक्तिधाम पहुंचे और शव का अंतिम संस्कार किया गया.
