
इंदौर: लसूड़िया पुलिस ने देवास नाका क्षेत्र में लूटपाट करने वाले तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों को पकड़ा। आरोपियों से लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और फरियादी का मोबाइल बरामद किया गया है।
डीसीपी जोन-2 अभिनय विश्वकर्मा ने एक प्रेस वार्ता में बताया कि 17 फरवरी की रात करीब 11:30 बजे फरियादी भास्कर रघुवंशी (निवासी स्कीम 114) के साथ तीन बदमाशों ने मारपीट कर 6000 नगद और वनप्लस कंपनी का मोबाइल लूट लिया। फरियादी की रिपोर्ट पर लसूड़िया थाने में मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने विशेष टीम गठित की। सहायक पुलिस आयुक्त विजयनगर आदित्य पटले और थाना प्रभारी तारेश कुमार सोनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू की। 7 मार्च की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने निरंजनपुर सब्जी मंडी के पास संदिग्धों की घेराबंदी की। पुलिस से बचने के प्रयास में बदमाश मोटरसाइकिल से भागे लेकिन लोहा मंडी के पास डिवाइडर से टकराकर गिर पड़े, जिससे उन्हें हाथ-पैर में चोट आई। पकड़े गए बदमाशों ने अपना नाम दीपक अहिरवार, करन ठाकुर और नितेश उर्फ लाला बताया। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात कबूल की और फरियादी का मोबाइल कार्तिक शर्मा को बेचने की जानकारी दी। पुलिस ने कार्तिक को भी गिरफ्तार कर मोबाइल बरामद कर लिया। लूट में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, फरियादी का वनप्लस मोबाइल जब्त किए हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। न्यायालय में पेश कर आरोपियों का पुलिस रिमांड लिया जाएगा, ताकि इनके आपराधिक नेटवर्क का खुलासा हो सके।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार आरोपियों पर पहले से कई संगीन अपराध दर्ज हैं, जिनमें हत्या, लूट, नकबजनी, मारपीट और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं। दीपक अहिरवार (24 वर्ष, निवासी पिपलियाना चौराहा, इंदौर) – लूट, नकबजनी व हत्या के प्रयास सहित 3 संगीन अपराधों में लिप्त। करन ठाकुर (22 वर्ष, निवासी पवन पुरी कॉलोनी, इंदौर) – 7 आपराधिक मामलों में आरोपी, जिनमें जुआ एक्ट, अवैध हथियार और एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध शामिल हैं। नितेश उर्फ लाला (20 वर्ष, निवासी मयूर नगर, इंदौर) – 7 मामलों में शामिल, जिनमें हत्या, लूट और चोरी के गंभीर मामले दर्ज हैं। कार्तिक शर्मा (29 वर्ष, निवासी दुर्गा नगर, इंदौर) – चोरी और आर्म्स एक्ट के 5 मामलों में संलिप्त।
