दिग्विजय के सम्मान के मुताबिक लीड से हरा कर उन्हें राजनीति से विदा करवाएं राजगढ़ वाले : शाह

राजगढ़, 26 अप्रैल  केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश के राजगढ़ संसदीय क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी दिग्विजय सिंह पर ताबड़तोड़ हमले करते हुए कहा कि ‘आशिक का जनाजा जरा धूमधाम से निकले’, राजगढ़ लोकसभा के निवासी दिग्विजय सिंह को उनके सम्मान के हिसाब की लीड से उन्हें हराएं और उनकी राजनीति से सम्मानजनक विदाई करें।

श्री शाह यहां पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उनका लगभग पूरा संबोधन श्री सिंह पर ही केंद्रित रहा। उन्होंने बार-बार जोर देकर कहा कि श्री सिंह के कार्यकाल के दौरान समूचा मध्यप्रदेश ‘बीमारू’ बन गया था और राजगढ़ को अब बीमारू नहीं बनाना है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस, जिसके मुख्य सलाहकार दिग्विजय सिंह हैं, उस पार्टी ने 70 साल तक राममंदिर के मुद्दे को अटकाया। वहीं भाजपा ने आकर राम लला को टेंट से निकाल कर भव्य मंदिर में बैठाया। कांग्रेस के ‘शहजादे’ राहुल बाबा को मंदिर की प्राणप्रतिष्ठा का निमंत्रण भेजा गया, मगर ना वे गए और ना ही दिग्विजय सिंह गए क्योंकि उन्हें अपने वोटबैंक से डर लगता है। निमंत्रण मिलने के बाद भी मंदिर और अयोध्या ना जाने वालों को माफ नहीं किया जा सकता।
उन्होंने दिग्विजय सिंह सरकार के दौरान की मध्यप्रदेश की स्थिति का भी वर्णन किया। साथ ही कहा कि दिग्विजय सिंह के तो नाम के साथ ही बंटाधार शब्द जुड़ गया है। दिग्विजय सिंह की सलाह से ही राहुल गांधी ने कांग्रेस के घोषणा पत्र में कहा है कि मुस्लिम पर्सनल लॉ लाएंगे।

श्री शाह ने कहा कि दिग्विजय सिंह ही भगवा आतंकवाद शब्द लाए, जबकि वे खुद आतंकवादियों को सम्मान देकर बुलाते हैं।
इसी क्रम में उन्होंने जनता से कटाक्ष के लहजे में कहा कि राजनीति से उनकी (श्री सिंह की) ‘परमानेंट विदाई’ करवा दीजिए, पर ये ध्यान रहे कि ‘आशिक का जनाजा है, जरा धूम से निकले’। उनके सम्मान जैसी लीड से हराकर उनकी विदाई करना है। उन्हें घर पर बिठाने का काम राजगढ़ वाले करें। राजगढ़ संसदीय क्षेत्र में सात मई को मतदान होना है। यहां दिग्विजय सिंह के सामने भाजपा के मौजूदा सांसद रोडमल नागर चुनावी मैदान में हैं।

Next Post

3 हजार की रिश्वत लेते हुए निसरपुर के ब्लाक को-ऑर्डिनेटर को लोकायुक्त टीम ने कुक्षी में पकड़ा

Fri Apr 26 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email कुक्षी।जनपद शिक्षा केंद्र निसरपुर में पदस्थ ब्लाक को-ऑर्डिनेटर ब्रजमोहन गर्ग को 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त टीम ने कुक्षी के अम्बेडकर चौराहे पर रंगे हाथों गिरफ्तार किया।आवेदक दशरथ बामनिया निवासी ग्राम रसवा ने लोकायुक्त […]

You May Like