भोपाल, 21 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज यहां आयोजित एक कार्यक्रम में प्रदेश के लगभग 90 हजार मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप के लिए धनराशि अंतरित की। प्रत्येक विद्यार्थी को पच्चीस पच्चीस हजार रुपए के मान से यह धनराशि अंतरित की गयी है।
डॉ यादव ने प्रशासन अकादमी में आयोजित कार्यक्रम में 89710 मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 224 करोड़ रुपयों की धनराशि सिंगल क्लिक के माध्यम से संबंधित बैंक खातों में अंतरित की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विद्यार्थियों से संवाद किया और अपने संबोधन के माध्यम से उन्हें प्रोत्साहित भी किया। विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री डॉ यादव के साथ समूह चित्र भी लिया।
मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षा वर्ष 2023-24 में कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक से उत्तीर्ण होने वाले 89 हजार 710 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सिंगल क्लिक से उनके बैंक खातों में 224 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गयी है। प्रत्येक प्रतिभाशाली विद्यार्थी को स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा लैपटॉप खरीदने के लिये 25 हजार रुपये की राशि दी गयी है।

