
तिलकोत्सव में सम्मिलित होने कटनी से पहुंचा था अमदरा
नवभारत न्यूज
सतना . मैहर जिले के अमदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पकरिया गांव में शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब लापता व्यक्ति का शव 18 घंटे बाद कुंए में पाया गया. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार कटनी जिले के कुण्डला थाना क्षेत्र अंतर्गत चाका गांव का निवासी 36 वर्षीय राजकिशोर यादव पिता विश्वनाथ गुरुवार को अपने घर से पकरिया जाने के लिए निकला था. राजकिशोर के परिवार में ग्राम पकरिया में तिलकोत्सव का कार्यक्रम गुरुवार को आयोजित था. जिसमें वह सम्मिलित होने के लिए आया था. बताया गया कि गुरुवार की रात लगभग 9 बजे राजकिशोर अचानक लापता हो गया. जिसे देखते हुए लोगों ने उसकी खोजबीन शुरु की. लेकिन काफी तलाश करने के बावजूद भी उसका पता नहीं चला. इसी दौरान अगले दिन जब कुछ ग्रामीणों में गांव में स्थित एक कुएं में झांक कर देख तो उनके होश उड़ गए. कुएं में एक व्यक्ति का औंधें मुंह शव पड़ा हुआ नजर आया. जिसे देखते हुए ग्रामीणों ने आनन-फानन में घटना की सूचना पुलिस को दे दी. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से कुएं में पड़े शव को बाहर निकलवाया. जिसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. ग्रामीणों के अनुसार एक ओर जहां कुएं का पानी लाल नजर आ रहा था. वहीं दूसरी ओर मृतक के सिर से रक्त रिसता दिखाई दे रहा था. जिसके चलते इस बात की आशंका जाहिर की गई कि संभवत: उसे मारकर कुएं में फेंक दिया गया होगा. वहीं अमदरा पुलिस का कहना है कि परिजनों सहित रिश्तेदरों से पूछताछ कर घटना के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर ही जांच की दिशा निर्धारित हो सकेगी.
