इंतेहा हो गई इंतजार की

दो माह गुजर गए मगर जमीन की फ़र्जी ख़रीद – फ़रोख्त मामले में कोई कारवाई नहीं !

कारवाई में पुलिस की दिलचस्पी नहीं इसलिए नकली भूस्वामी समेत फर्जीवाड़े के सारे किरदार बेफ़िक्र

 

सांवेर 12 फरवरी. जिस मामले के कागजी दस्तावेज देखकर ही त्वरित कारवाई हो जाना चाहिए उस मामले में सांवेर पुलिस शिकायत के दो महीने बीत जाने के बाद भी प्राथमिकी [ एफआईआर ] दर्ज करना तो दूर फर्जीवाड़े के सारे किरदारों को खोजकर बयान दर्ज तक नहीं करवा पाई है . शिकायत तो राजस्व विभाग के मुखिया कलेक्टर के साथ सांवेर एसडीएम को भी की गई है मगर इधर से भी कोई कारवाई की जाने के संकेत नहीं हैं . ऐसे में फर्जीवाड़े का शिकार हुए असली भूस्वामी कृषक के पास न्यायालय की ओर रुख करने का ही विकल्प बचा है .

 

क्षेत्र के बालोदा गाँव के किसान प्रमोद कुमावत की खेती की 15 बीघा ज़मीन की इंदौर के एक कालोनाईजर संजय दासोत द्वारा नकली प्रमोद को खड़ा करके अपने नाम करवा लेने और जालसाजी से रजिस्ट्री की पोल खुलने पर कारवाई के डर से तीन महीने बाद उसी नकली व्यक्ति को खड़ा करके रजिस्ट्री निरस्त करवा लेने के सनसनीखेज और अब बहुचर्चित हो चुके मामले की पुलिस और राजस्व विभाग के स्थानीय से लेकर आला अधिकारियों तक को शिकायत किए जाने के दो महीने से अधिक गुजर जाने के बाद भी दोनों ओर से कोई कारवाई नहीं होने से शिकायतकर्ता असली भूस्वामी किसान प्रमोद निराश है कि उसके साथ इतनी बड़ी जालसाजी हो गई और जालसाजों के ख़िलाफ़ कारवाई में पुलिस और राजस्व अधिकारी कोई दिलचस्पी ही नहीं ले रहे हैं . यही वजह है कि सभी जालसाज अब तक आजाद घूम रहे हैं .

 

ये है इस फर्जीवाड़े के मुख्य किरदार !

 

1 . कालोनाईजर संजय पिता देवेंद्रकुमार दासोत निवासी 17 सीता बाग़ कालोनी इंदौर [ फर्म मेसर्स एस एम एस रियल्टी ] , प्रमोद कुमावत की जमीन को नकली प्रमोद खड़ा करके अपने नाम रजिस्ट्री करवा ली और पोल खुलने के बाद कारवाई के डर से उसी नकली प्रमोद को खड़ा करके रजिस्ट्री निरस्त करवा ली .

 

2 अनजान नकली प्रमोद जिसका उपयोग संजय दासोत ने बालोदा के किसान प्रमोद कुमावत की 15 बीघा जमीन बिना रूपए दिए अपने नाम रजिस्ट्री करवाने में और बाद में रजिस्ट्री निरस्त करवाने में किया . साथ ही रजिस्ट्री असली साबित करने के लिए बैंक में खाता खुलवाकर लेने देन दिखाया .

 

3 संजय बिसनावदा उर्फ़ संजय पिता मलखान राजपूत , जो रजिस्ट्री निरस्त करवाने में गवाहदार नंबर एक है . [ ये सांवेर क्षेत्र में ही नहीं इंदौर जिले में जमीन की जादूगरी के लिए कुख्यात है .

 

4 योगेंद्र सोनी पिता भेरुलाल सोनी , ये भी रजिस्ट्री निरस्ती के दस्तावजे में गवाहदार नंबर दो है [ ये ही जमीन के जादूगर संजय दासोत का सांवेर क्षेत्र में जमीन की खरीद फ़रोख्त का काम देखता है .

 

5 अभय जोशी पिता मानमल जोशी निवासी मनभावन नगर इंदौर [ यह व्यक्ति जमीन की पहली रजिस्ट्री के समय नकली प्रमोद को असली प्रमोद के रूप में बताने के लिए गवाह बना .

 

6 सुभाष यादव पिता मोतीलाल यादव काशीपुरी कालोनी इंदौर [ यह व्यक्ति भी जमीन की पहली रजिस्ट्री के समय नकली प्रमोद को असली प्रमोद के रूप में बताने के लिए गवाह बना .

 

7 अरविंद खरे उप पंजीयक , उप पंजीयक कार्यालय इंदौर [ इन्होने ने जमीन की रजिस्ट्री की तब कोई ध्यान नहीं दिया लेकिन रजिस्ट्री निरस्त्रीकरण की कारवाई के समय भी गौर नहीं किया ये हैरान करने वाली बात है .

 

अब न्यायालय की ओर कूच ही रास्ता

 

अपनी करोड़ों की जमीन किन्हीं और द्वारा ही बेच और खरीद लिए जाने की दस्तावेजी कारवाई रजिस्ट्री के रूप में कर लेने और फिर रजिस्ट्री को चुपचाप निरस्त भी करवा लेने की इस सनसनीखेज जालसाजी का शिकार बने प्रमोद कुमावत का दुःख ये है कि राजस्व रिकार्ड के खसरे में कालम नंबर 12 में यह जमीन अब भी संजय दासोत [ फर्म एस एम एस रियल्टी ] के नाम से विक्रय होना दर्शाई जा रही है . यही वजह है कि प्रमोद ने अपने साथ हुई जालसाजी की शिकायत लिखित रूप से दो महीने पहले सांवेर थाने में करने के साथ ही पुलिस अधिक्षक [ ग्रामीण ] , पुलिस महानिरीक्षक और कलेक्टर इंदौर व सांवेर एसडीएम को करीब डेढ़ महीने पहले कर रखी है . किन्तु अभी तक इस मामले में पुलिस या राजस्व विभग के अधिकारियों की ओर से कारवाई आगे नहीं बढ़ी है . अब निराश प्रमोद जालसाजों के ख़िलाफ़ कारवाई करने के लिए न्यायालय का कूच करने को बाध्य हो रहे हैं .

 

सनद रहे…

 

गौरतलब है कि सांवेर क्षेत्र के बालोदा [ राजोदा ] गाँव के एक किसान प्रमोद पिता सुभाष कुमावत की बालोदा में स्थित 15 बीघा कृषिभूमि की रजिस्ट्री किसी दिगर व्यक्ति को प्रमोद बनाकर इंदौर के एक कालोनाईजर संजय पिता देवेंद्रकुमार दासोत निवासी 17 सीता बाग़ कालोनी द्वारा अपनी फर्म मेसर्स एस एम एस रियल्टी के नाम 13 जुलाई 2023 को नकली प्रमोद कुमावत को असली भूस्वामी के रूप में पेश करके जो रजिस्ट्री करवाने के करीब तीन महीने बाद 3 अक्तूबर 2023 को निरस्त करवाने में भी जालसाजी करते हुए निरस्ती के पंजीयन में भी उसी नकली प्रमोद को भूस्वामी के रूप में खड़ा किया गया था . रजिस्ट्री के निरस्तीकरण में केवल गवाह बदले गए थे , शेष उप पंजीयक अरविंद खरे , ख़रीदार संजय दासोत और फर्जी विक्रेता अर्थात नकली प्रमोद वही थे . संजय दासोत ने प्रमोद कुमावत बालोदा की जमीन सर्वे नंबर 87/1 रकबा 3.753 हेक्टर [ 15 बीघा ] की रजिस्ट्री जिस नकली प्रमोद को खड़ा करके 13 जुलाई को करवा ली थी उसी नकली प्रमोद को 8 करोड़ रूपए के अलग अलग 14 चेक [ एचडीएफसी बैंक ] भी देना रजिस्ट्री में दर्शाया था . इन्हीं में से 000072 नंबर के चेक राशी 1 करोड़ 50 लाख रूपए नकली प्रमोद द्वारा एचडीएफसी बैंक की स्नेहलतागंज इंदौर शाखा से प्राप्त कर लिए गए . इस बात का उल्लेख निरस्त करवाई गई रजिस्ट्री में स्पष्ट किया गया है .

 

प्रमोद द्वारा दिए आवेदन पर प्रमोद के बाद संजय दासोत के तो बयान ले लिए हैं . दासोत के बैंक खाते की डिटेल के लिए संबंधित एचडीएफसी बैंक शाखा को पत्र लिखा है . मामले को देख रहे आरक्षक सुमित रजक छुट्टी पर होने से संबंधितों के बयान नहीं हो पाए हैं . बयानों के बाद एफआईआर दर्ज करने वरिष्ठ अधिकारी से अनुमति के लिए भी लिखा है .

 

कमलसिंह गेहलोत

 

थाना प्रभारी सांवेर

 

चित्र 1 रजिस्ट्री करने वाला नकली प्रमोद 2 जमीन का जादूगर संजय दासोत

Next Post

पैक्स भी जल्द ही कर सकेंगी एयरलाइंस टिकटों की बिक्री

Wed Feb 12 , 2025
नयी दिल्ली,12 फरवरी (वार्ता) केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि देश में रेलवे टिकटों की बुकिंग का काम कर रही प्राथमिक कृषि रिण समिति अब जल्द ही एयरलाइंस टिकटों की बिक्री भी करेंगी। श्री शाह ने आज यहां ‘सहकारी समितियों को सशक्‍त करने के लिए की […]

You May Like