माशिमं की बोर्ड परीक्षा के लिए जिला प्रशासन की तैयारियां
जबलपुर: माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आगामी बोर्ड परीक्षा की तैयारी लगातार की जा रही है। माशिमं मंडल द्वारा इस बार बोर्ड परीक्षा में दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए अच्छी सुविधा भी प्रदान करेगा। जिसमें इस बार दिव्यांग परीक्षार्थी अपने साथ लेखक को ले जा सकेंगे। इसके अलावा इन विद्यार्थियों को तीन घंटे की परीक्षा के दौरान एक घंटे का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। साथ ही कंप्यूटर या टाइप राइटर चयन की सुविधा भी दी गई है। इन सभी की जानकारी स्कूलों को 15 फरवरी तक माशिमं को उपलब्ध करानी होगी।
21 प्रकार की दिव्यांगता को विशेष सुविधा
माशिमं ने 21 प्रकार की दिव्यांगता को विशेष सुविधाओं में शामिल किया है। जिसमें दृष्टिबाधित, मानसिक कमजोर एवं हाथ की हड्डी टूट जाने या हाथ की खराबी के कारण लिखने में असमर्थ, थैलेसीमिया व सिकल सेल से पीडि़त सहित अन्य दिव्यांग विद्यार्थियों को यह सुविधा प्रदान की जाएंगी।
जिला शिक्षा अधिकारी ने की समीक्षा
10वीं 12वीं बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर हाई स्कूल हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्यो की बैठक का आयोजन पंडित लज्जा शंकर झा मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल में किया गया। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी ने कहा कि परीक्षा केन्द्रों पर सभी आवश्यक सुविधायें उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि विद्यालयों का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत हो प्रयास करें, छात्रों को ओएमआर शीट भरने का अभ्यास पहले से कराया जाए, उन्हें समय प्रबंधन समझाया जाए, विद्यालयों में वर्तमान में पढ़ाई पर विशेष ध्यान दिया जाए, अनुपस्थित छात्रों को शाला लाया जाए, कमजोर छात्रों के लिए अलग से कक्षाएं लगाई जाएं, प्राचार्य स्वयं इसकी मॉनिटरिंग करें समस्त स्टाफ को जवाबदेही देवें। बैठक में जिले के समस्त हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य उपस्थित थे।
