भोपाल, 09 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को देवास जिले की सोनकच्छ तहसील के पीपलरावां गांव में ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’, ‘सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना’ और ‘किसान कल्याण योजना’ के हितग्राहियों के खातों में राशि अंतरित करेंगे।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव एक करोड़ 27 लाख लाड़ली बहनों के खातों में 1553 करोड़ रुपये अंतरित करेंगे। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 56 लाख हितग्राहियों के खाते में 337 करोड़ रुपये और किसान कल्याण योजना में 81 लाख हितग्राही किसानों के खाते में 1624 करोड़ रुपये अंतरित की जायेगी।
मुख्यमंत्री कार्यक्रम में 144 करोड़ रुपए के 53 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। इसमें 102 करोड़ रुपये के 37 विकास कार्यों का लोकार्पण और 42 करोड़ रुपये के 16 विकास कार्यों का शिलान्यास शामिल है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव विभिन्न सरकारी योजनाओं में हितग्राहियों को हितलाभ वितरण भी करेंगे। डॉ यादव हितग्राहियों से संवाद भी करेंगे।
