भाजपा हमेशा जनता के कल्याण के लिए कार्य करती है-ज्योतिरादित्य

अशोकनगर, 22 अप्रैल  केंद्रीय मंत्री व गुना-शिवपुरी लोकसभा सीट से प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार देश का विकास कर रहे हैं।
श्री सिंधिया अशोक नगर जिले के विभिन्न गांवों में जनसंपर्क और जनसभाओं को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि केंद्र और मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार हमेशा जनता के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। भाजपा सरकार गरीबों के कल्याण के साथ उनके हर सुख-दुख व विपदा में साथ खड़ी रहती है। उन्होंने बीते दस वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा किए गए गरीब कल्याण, जन हितैषी और लाभार्थी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में जिनके संबंध में सरकार सोचती नहीं, पूछती नहीं थी, भाजपा सरकार उनके कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं के साथ दलितों और आदिवासियों के कल्याण के लिए श्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन सरकार कार्य कर रही है। बीते माह मार्च में ओलावृष्टि होने से अशोक नगर जिले के 28 गांव के किसान प्रभावित हुए थे, उनकी फसलें खराब हुई थीं। ऐसे स्थिति में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर 48 घंटे के अंदर किसानों की खराब फसलों का सर्वे कराया गया और उन्हें राहत राशि भी प्राप्त हो चुकी है।
मध्यप्रदेश में सवा करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों को 1250 रूपए प्रतिमाह भाजपा सरकार दे रही है। यह एक राशि नहीं महिलाओं को भाजपा सरकार सम्मान दे रही है। करीब 4 करोड़ लोगों को पक्के आवास उपलब्ध कराए गए हैं और अगले पांच वर्ष में भाजपा सरकार तीन करोड़ पक्के आवास और बनाएगी। करीब 10 करोड़ महिलाओं को उज्जवला योजना का लाभ मिल रहा है, आज गरीब के पास आयुष्मान योजना के तहत रू 5 लाख रुपए की मोदी की गारंटी मिलती है, और इसीलिए गारंटी है तो मोदी की गारंटी है। श्री सिंधिया ने भारत को विकसित राष्ट्र और विश्व गुरू बनाने के लिए भाजपा को वोट देने की अपील की है।

श्री सिंधिया के समक्ष अशोक नगर में दस कांग्रेस नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। श्री सिंधिया ने भाजपा में शामिल होने वाले सभी नेताओं को पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया।

Next Post

मुरैना में 15 उम्मीदवार मैदान में

Mon Apr 22 , 2024
मुरैना, 22 अप्रैल  मध्यप्रदेश के मुरैना-श्योपुर संसदीय क्षेत्र से आज नाम वापिसी के अंतिम दिन एक अभ्यर्थी द्वारा अपना नाम निर्देशन पत्र वापिस लेने के बाद अब शेष 15 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुरैना-श्योपुर संसदीय क्षेत्र से मधुराज सिंह तोमर ने आज अपना नाम वापिस […]

You May Like