वाशिंगटन, 28 जनवरी (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सेना को नया स्वरूप देने पर केंद्रित कई कार्यकारी आदेशों पर हस्ताक्षर किए हैं।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक सोमवार देर रात हस्ताक्षरित आदेश में सेना में विविधता, समानता और समावेशन (डीईआई) पहल पर प्रतिबंध जैसे नये स्वरुप देने के साथ ही सशस्त्र बलों, रक्षा विभाग और होमलैंड सुरक्षा विभाग में नस्ल या लिंग-आधारित प्राथमिकताओं के उपयोग को हटाने की बात कही गयी है।
बीबीसी ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि कोविड-19 वैक्सीन लेने से इनकार करने के कारण छुट्टी दे दिये गये 8,000 से अधिक सेवा सदस्यों को बहाल किया गया है।
व्हाइट हाउस ने कहा कि तीसरे कार्यकारी आदेश में अधिकारियों को ट्रांसजेंडर सैनिकों पर नीति तैयार करने का काम सौंपा गया है। इस कार्रवाई से ट्रांसजेंडर सेवा सदस्यों पर तुरंत प्रतिबंध नहीं लगायी जायेगी।
रिपोर्टों के अनुसार चौथे आदेश में “अमेरिकन आयरन डोम” विकसित करने की प्रक्रिया को अनिवार्य किया गया है – जो मध्य पूर्व में इज़रायल द्वारा उपयोग किए जाने वाले के समान है। जबकि व्हाइट हाउस का कहना है कि ऑशविट्ज़ की मुक्ति की 80वीं वर्षगांठ मनाने के लिए एक उद्घोषणा पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
संघीय सरकार के भीतर से डीईआई कार्यक्रमों को हटाना श्री ट्रम्प के चुनावी वादों में से एक था और जिसे उन्होंने पिछले सप्ताह पदभार ग्रहण करने के बाद तेजी से लागू करने के लिए आगे बढ़ाया है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि डीईआई कार्यक्रमों का लक्ष्य विभिन्न पृष्ठभूमि के लोगों द्वारा कार्यस्थलों में भागीदारी को बढ़ावा देना है।
