दुनिया को भगवान बुद्ध के मार्ग की आवश्यकता : मोहन यादव

भोपाल, 27 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आज दुनिया को युद्ध की नहीं, बुद्ध के बताये ज्ञान पर अमल की जरूरत है। भगवान बुद्ध का मार्ग ही विश्व शांति का मार्ग है। यह मार्ग हमें मन की शांति, करूणा, प्रेम, अपनत्व और विश्व बंधुत्व की ओर ले जाता है।

डॉ यादव ने रविवार देर शाम यहां चूना भट्टी क्षेत्र में आयोजित 9वें अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध महोत्सव को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने आयोजकों द्वारा चयनित विभूतियों को ‘अंतर्राष्ट्रीय बुद्ध शांति पुरस्कार’ प्रदान किया तथा महोत्सव पर आधारित स्मारिका का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री ने आयोजकों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक महोत्सवों से समाज में भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के संदेश का प्रसार होता है। बौद्ध महोत्सव में देश-विदेश से आए बौद्ध विद्वानों और अनुयायियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बौद्ध दर्शन और उसके माध्यम से विश्व शांति की स्थापना को बढ़ावा देना था।

डॉ. यादव ने कहा कि समाज में समरसता लाने के लिए बुद्ध का बताया मार्ग सर्वश्रेष्ठ है। हम इसी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। सरकार बौद्ध समाज के साथ मिलकर विकास के कार्य करेगी। बौद्ध समाज की मांग पर मुख्यमंत्री ने चूना भट्टी स्थित स्थल को स्थायी बौद्ध भूमि घोषित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि हम सब एक हैं और सब मिलकर इस पवित्र बौद्ध भूमि का विकास करेंगे।

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारी सरकार ने बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर को सदैव ही सम्मान दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाबा साहेब की जन्मस्थली, उनके अध्ययन स्थल, उनकी दीक्षा भूमि, चैत्य स्थल और महानिर्वाण स्थल का विकास कर इन्हें पंच महातीर्थ की संज्ञा दी है। हमारी सरकार महात्मा गौतम बुद्ध और बाबा साहेब के बताए शांति मार्ग पर चलकर समतामूलक समाज के निर्माण की दिशा में अग्रसर है। हमने 24 जनवरी को हुई कैबिनेट मीटिंग में महू स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में विधि संकाय प्रारंभ करने के लिए 25 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। सांची स्थित बौद्ध ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय को भी हम अंतर्राष्ट्रीय स्तर के मानकों के अनुरूप बनायेंगे। इसमें सभी जरूरी संसाधन और सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी।

Next Post

अंतरिक्ष से दिखा महाकुम्भ का विहंगम नजारा

Mon Jan 27 , 2025
महाकुम्भ नगर, 27 जनवरी (वार्ता) विश्व के सबसे बड़े धार्मिक और मानवीय आयोजन महाकुम्भ मेला को सिर्फ जमीन से ही नहीं बल्कि अंतरिक्ष से भी कैप्चर किया जा रहा है। इंटरनेशनल स्पेस सेंटर (आईएसएस) ने रविवार रात को अंतरिक्ष से महाकुम्भ की आश्चर्यचकित कर देने वाली तस्वीरें कैद की हैं। […]

You May Like