फोर्टिस ने पिडियाट्रिक कैंसर से पीड़ित का हुआ सफल उपचार

नयी दिल्ली, 15 जनवरी (वार्ता) पिडियाट्रिक किडनी कैंसर बाइलेट्रल विल्म्स ट्यूमर (नेफ्रोब्लास्टोमा) से पीड़ित उज्बेकिस्तान के छह-वर्षीय बालक का यहां निजी क्षेत्र के स्वास्थ्य सेवा प्रदाता फोर्टिस एस्कॉर्ट्स ओखला में सफल उपचार किया गया है।

यह भारत में अपनी तरह का पहला मामला है।

बालक की सर्जरी में शामिल फोर्टिस एस्काॅर्ट्स यूरोलॉजी और किडनी ट्रांसप्लांट फोर्टिस एस्कॉर्ट्स के अध्यक्ष डॉ परेश जैन ने बुधवार को यहां संवाददाताओं को बताया कि बालक को जब अस्पताल लाया गया, तो उसकी हालत काफी गंभीर थी और दोनों गुर्दों (किडनी) में ट्यूमर की वजह से उसके जीवन को खतरा था।

उन्होंने बताया कि उज्बेकिस्तान में उसकी कीमोथेरेपी चल रही थी लेकिन इसके बावजूद उसके जीवित बचने की संभावना अनिश्चित थी, जिसके कारण उसके माता-पिता ने भारत में इलाज करवाने का विकल्प चुना। मरीज को इलाज के लिये फोर्टिस एस्कॉर्ट्स, ओखला लाया गया, जहां डॉ जैन के नेतृत्व में डॉक्टरों की अत्यंत कुशल और विशेषज्ञ टीम ने बेहद नाजुक तथा जटिल किस्म की किडनी ऑटो-ट्रांसप्लांट प्रक्रिया को अंजाम दिया। यह सर्जरी करीब आठ घंटे तक चली और सफल रही, इसके बाद बिना किसी जटिलता के साथ बालक अब स्वस्थ है।

डॉ जैन ने बताया कि यह मेडिकल उपलब्धि वाकई काफी उल्लेखनीय है क्योंकि अब तक दुनियाभर में इस प्रकार के केवल 16 मामले ही दर्ज किये गये हैं और भारत में इससे पहले ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया था। भारत में विल्म्स ट्यूमर आमतौर पर तीन से चार वर्ष की उम्र के बच्चों में ही देखा गया है, और यह काफी दुर्लभ तथा जटिल होने की वजह से चुनौतीपूर्ण माना जाता रहा है। एडवांस स्टेज में यह और भी जटिल हो जाता है तथा दोनों गुर्दों को भी प्रभावित कर सकता है, तथा तत्काल इलाज नहीं करने पर मरीज की जान का खतरा बढ़ जाता है। ”

बालक की मां ने कहा, “ हम भारत काफी उम्मीदें लेकर आये थे, क्योंकि उज्बेकिसतन में हमारे बेटे की हालत में कोई सुधार नहीं हो रहा था। फोर्टिस के डॉक्टरों ने हमें भरोसा दिलाया कि हमारे बेटे की सेहत में सुधार हो सकता है। हम डॉ परेश जैन और उनकी पूरी टीम के हृदय से आभारी हैं, उन्होंने काफी मेहनत से हमारे बच्चे का जीवन बचाया है। वह अब दोबारा खेलने-कूदने लगा है और उसके चेहरे पर मुस्कान लौट आयी है, हम अस्पताल और डॉक्टरों के प्रति अपना आभार व्यक्त करते हैं कि उन्होंने हमारे बेटे को नया जीवनदान दिया है। ”

Next Post

धनखड़ गुरुवार को कर्नाटक की यात्रा पर

Wed Jan 15 , 2025
नयी दिल्ली 15 जनवरी (वार्ता) उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ गुरुवार को कर्नाटक की यात्रा और एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे।   उप राष्ट्रपति सचिवालय ने बुधवार को यहां बताया कि धारवाड़ में अमृत महोत्सव और कृषि महाविद्यालय के पूर्व छात्र मिलन समारोह के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप […]

You May Like