पाकिस्तान के पटाखा गोदाम में विस्फोट, छह लोगों की मौत

इस्लामाबाद 11 जनवरी (वार्ता) पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शनिवार को मंडी बहाउद्दीन में एक पटाखा गोदाम में विस्फोट हो जाने के कारण कम से कम छह लोगों की मौत हो गई जबकि सात अन्य घायल हो गए।

मीडिया रिपोर्ट में यह जानकारी दी गयी है। रेस्क्यू 1122 के जिला आपातकालीन अधिकारी इमरान खान के अनुसार विस्फोट शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ जब दो लोग घर की पहली मंजिल पर पटाखे की तैयारी कर रहे थे।

डॉन न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार मृतकों में एक पुरुष, तीन महिलाएं और दो लड़कियां शामिल हैं। पुलिस द्वारा जारी एक घटना रिपोर्ट के अनुसार शवों को एक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।

रिपोर्ट में कहा गया है कि छह मृतकों में से चार उसी घर में थे जहां विस्फोट हुआ था जबकि एक महिला पीड़ित बगल के घर में थी और एक अन्य पैदल यात्री थी। घायलों में चार पुरुष और तीन महिलाएं है। रिपोर्ट में कहा गया ‘सभी घायलों की हालत स्थिर है।’

एसएचओ अकरम और रेस्क्यू 1122 के खान के अनुसार पटाखों की सामग्री का वजन लगभग 12 से 15 किलोग्राम था।

उल्लेखनीय है कि अक्टूबर में मुल्तान में घर के अंदर रखे पटाखों में विस्फोट के बाद घर की छत गिरने से एक नाबालिग और एक महिला सहित सात लोगों की मौत हो गई थी।

Next Post

अक्षरा सिंह की फिल्म 'अक्षरा' रिलीज

Sun Jan 12 , 2025
मुंबई, (वार्ता) भोजपुरी सिनेमा की सुपरस्टार अभिनेत्री अक्षरा सिंह की देशभक्ति से परिपूर्ण भोजपुरी फिल्म ‘अक्षरा’ रिलीज हो गयी है। फिल्म अक्षरा को वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स भोजपुरी के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया है। फौजी तथा शिक्षिका के फर्ज और जिम्मेदारी पर आधारित फिल्म ‘अक्षरा’ में केंद्रीय भूमिका में […]

You May Like