भोपाल, 16 दिसंबर (वार्ता) मध्यप्रदेश विधानसभा में आज मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के सदस्यों ने राज्य में खाद संकट व्याप्त होने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और सदन की कार्यवाही का बहिष्कार किया।
शून्यकाल के दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने राज्य में खाद संकट का मामला उठाया और कहा कि सरकार खाद की व्यवस्था नहीं कर रही है। किसान परेशान है और फसलों की बोनी भी नहीं हो पा रही है। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि इस मामले में चर्चा प्रस्तावित है, इसलिए इस मुद्दे को लेकर तब बोला जा सकता है। लेकिन नेता प्रतिपक्ष खाद मामले पर अपनी बात बोलते रहे।
इसी बीच संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि आज ही के दिन बंगलादेश का उदय हुआ था और 93 हजार पाकिस्तानी सैनिकों ने भारतीय सेना के सामने समर्पण किया था, इसलिए वे भारतीय सेना को बधाई प्रेषित करने का प्रस्ताव रखते हैं। श्री सिंघार ने सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यों की ओर मुखातिब होते हुए कहा कि आप लोग बंगलादेश से अपने लोगों को तो बचा नहीं पा रहे हैं। आप लोगाें को खाद संकट पर चर्चा करना चाहिए।
इस बीच सत्तारूढ़ दल भाजपा और विपक्षी दल कांग्रेस के सदस्य एकसाथ बोलने लगे और सदन शोरगुल में डूब गया। कांग्रेस के सदस्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे, तो भाजपा के सदस्यों ने इसका प्रतिकार करने का प्रयास किया। अंतत: इस मामले को लेकर कांग्रेस के सदस्यों ने सदन की कार्यवाही का बहिष्कार कर दिया। इसके साथ ही सभी सदस्य नारेबाजी करते हुए सदन से बाहर चले गए। इसके उपरांत सदन की कार्यवाही आगे बढ़ी।
विधानसभा का पांच दिवसीय शीतकालीन सत्र आज प्रारंभ हुआ है। विपक्षी दल कांग्रेस के तेवर आक्रामक दिखायी दे रहे हैं। कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता आज ही “विधानसभा घेराव” आंदोलन कर रहे हैं, जिसके चलते यहां जवाहर चौक क्षेत्र में प्रदेश भर से पार्टी कार्यकर्ता और नेता पहुंचे हैं। सभा के बाद ये सभी विधानसभा की ओर कूच करेंगे। हालाकि पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा संबंधी सभी उपाय किए हैं।
इसके पहले सदन की कार्यवाही की शुरूआत में दिवंगत पूर्व सदस्यों और गणमान्य नागरिकों को सदन की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।