उज्जैन: इंटरनेशनल डांस काउंसिल से संबद्धता प्राप्त अखिल लोक कला संस्थान पुणे महाराष्ट्र द्वारा आयोजित राष्ट्र स्तरीय नृत्य, नाट्य एवं संगीत प्रतियोगिता में नृत्याराधना नृत्य मंदिर संस्थान उज्जैन की संस्थापक एवं निर्देशिका नृत्यांगना डॉक्टर खुशबू पांचाल की शिष्या 10 वर्षीय देवयानी सिंह गौड़ ने देशभर से आए लगभग एक हजार प्रतियोगियों के बीच अपनी एकल शास्त्रीय शुद्ध कथक नृत्य प्रस्तुति कर प्रथम स्थान प्राप्त कर उज्जैन शहर का नाम गौरवान्वित किया है।
अब शहर की बेटी देवयानी की अगली प्रस्तुति दुबई में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय नृत्य समारोह में होगी। जहां वह भारत का प्रतिनिधित्व शुद्ध कत्थक नृत्य प्रतियोगिता में करेंगी। देवयानी सिंह गौड़ अपनी इस सफलता का श्रेय अपनी गुरु डॉ. खुशबू पांचाल एवं माता-पिता राजेंद्र सिंह गौड़ एवं अमिता गौड़ को देती हैं। नृत्य गुरु डॉक्टर खुशबू पांचाल ने बताया कि महज 10 वर्ष की उम्र में यह उपलब्धि गत 5 वर्षों से नृत्य के प्रति उसकी रूचि और समर्पण से ही संभव हुई है। देवयानी की यह उपलब्धि सिर्फ नृत्याराधना नृत्य मंदिर संस्थान ही नहीं, शहर और प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण पल है।