
दशहरे से अधूरा पड़ा निर्माण, यातायात व्यवस्था प्रभावित
जानकारी के अनुसार, सड़क निर्माण कंपनी ने दशहरे के पहले बायपास चौराहे पर एक पट्टी का निर्माण कर दूसरी पट्टी का काम अधूरा छोड़ दिया था। इसके बाद से ही चौराहे पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। अधूरी सड़क के कारण वाहन चालकों को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से बार-बार जाम की स्थिति बन रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यहां हर 10 मिनट में जाम लगने जैसी स्थिति निर्मित हो जाती है।
रविवार को थार के दो टायर सड़क से नीचे उतरे
अधूरी सड़क के कारण दुर्घटनाओं का खतरा कितना गंभीर है, इसका अंदाजा रविवार दोपहर हुई घटना से लगाया जा सकता है। बायपास चौराहे पर एक महिंद्रा थार के दो टायर सड़क से नीचे उतर गए। वाहन को वापस सड़क पर चढ़ाने के लिए लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से वाहन को सड़क पर चढ़ाया गया।
घटना ने सड़क निर्माण के अधूरे कार्य और यातायात सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि इसी स्थिति में कोई भारी वाहन ट्रक या डम्पर अनियंत्रित होकर पलट जाता है, तो बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता।
धूल के गुबार से दुकानदारों का बुरा हाल
सड़क निर्माण अधूरा होने के साथ ही धूल की समस्या भी लोगों को परेशान कर रही है। वाहनों के गुजरने से सड़क पर धूल के गुबार उठते हैं, जिससे आसपास की दुकानों में धूल जमा हो रही है। दुकानदारों को व्यापार करने में परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को भी धूल के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य अधूरा होने के बावजूद धूल नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। नियमित पानी का छिड़काव नहीं होने से समस्या और बढ़ रही है।
बड़ा वाहन पलटी खा गया तो जिम्मेदार कौन?
बायपास चौराहे पर लगातार बन रही जाम की स्थिति और अधूरी सड़क को लेकर स्थानीय नागरिकों ने जिम्मेदार विभाग एवं निर्माण कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि जब दशहरे के पहले एक पट्टी बनाकर दूसरी छोड़ दी गई थी, तो अब तक निर्माण कार्य पूरा क्यों नहीं किया गया?
यदि इसी अधूरी सड़क के कारण कोई ट्रक या डम्पर पलट जाता है और उसमें जनहानि या संपत्ति का नुकसान होता है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या संबंधित विभाग और निर्माण कंपनी किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेंगे?
तत्काल निर्माण पूरा कराने की मांग
स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों ने संबंधित विभाग एवं सड़क निर्माण कंपनी से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए। निर्माण पूरा होने तक नियमित पानी का छिड़काव, उचित बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि जाम और दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।
*बायपास चौराहे की अधूरी सड़क अब केवल आवागमन की समस्या नहीं, बल्कि जनसुरक्षा का गंभीर मुद्दा बनती जा रही है। जिम्मेदार विभाग समय रहते ध्यान दें, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले समस्या का समाधान हो सके।*
