
सिंगरौली । पुलिस सेवा में उत्कृष्ट कार्य, अनुकरणीय कर्तव्यनिष्ठा और विशिष्ट उपलब्धियों के लिए सिंगरौली पुलिस को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है।
राजधानी भोपाल में आयोजित सम्मान समारोह में पुलिस महानिदेशक म.प्र. कैलाश मकवाना ने पुलिस अधीक्षक षियाज केएम सहित जिले के नौ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रतिष्ठित डीजी डिस्क से सम्मानित किया। इस उपलब्धि से सिंगरौली पुलिस परिवार में हर्ष का माहौल है। सम्मान प्राप्त करने वालों में पुलिस अधीक्षक षियाज केएम के अलावा तत्कालीन जिला सिंगरौली निरीक्षक यूपी सिंह, निरीक्षक जितेंद्र सिंह भदौरिया, उपनिरीक्षक सुधाकर सिंह, निरीक्षक शिवपूजन मिश्रा, उनि संदीप नामदेव, अमन वर्मा, रामजी त्रिपाठी तथा प्रआर जितेंद्र सिंह सेंगर शामिल हैं। यह सम्मान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की व्यावसायिक दक्षता, अनुशासन, कर्तव्यपरायणता और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है। जिले के नौ पुलिसकर्मियों को यह प्रतिष्ठित सम्मान मिलना सिंगरौली पुलिस के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। इससे जिले के पुलिस बल का मनोबल बढ़ने के साथ अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर पुलिसिंग और जनसेवा के लिए प्रेरणा मिलेगी। यह उपलब्धि जिलेवासियों के लिए भी हर्ष और गर्व का विषय है।
