बालाघाट में 12.66 करोड़ का चावल घोटाला!

बालाघाट, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले ही चावल हेराफेरी कांड एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। भारतीय खाद्य निगम (FCI) से एथेनॉल निर्माण के लिए भेजे गए 5,459 टन चावल की हेराफेरी का मामला सामने आया था। करीब 12.66 करोड़ रुपये का यह चावल छिंदवाड़ा स्थित AVJ एग्रीको के एथेनॉल प्लांट पहुंचने के बजाय राइस मिलों में खपाए जाने का आरोप है।

इस मामले में संलिप्त पाए गए सात राइस मिलर्स को नागरिक आपूर्ति निगम ने ब्लैकलिस्ट कर दिया है। इनमें पूर्व मंत्री रामकिशोर कावरे के भाई कुमार कावरे की हर्ष राइस मिल भी शामिल है।

ब्लैकलिस्ट की गई राइस मिलों में हर्ष राइस मिल टेकाड़ी, संचेती राइस उद्योग, संचेती राइस मिल वारासिवनी, शांति राइस मिल, बिहारी राइस मिल, सिद्धिविनायक राइस मिल और विराज राइस मिल शामिल हैं।

कलेक्टर आदित्य सिंह के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय जांच दल ने नागरिक आपूर्ति निगम के बालाघाट कार्यालय में जांच कर कस्टम मिलिंग से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं।

मामले के बीच प्रभारी जिला प्रबंधक हरीश कोरी 15 जनवरी तक अवकाश पर चले गए हैं। उनके स्थान पर गोदाम प्रभारी रामकुमार नागभीरे को जिला प्रबंधक का प्रभार सौंपा गया है।

इधर, आगामी 1 दिसंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने जा रही है। इसके लिए जिले में 185 खरीदी केंद्र बनाए गए हैं। नागरिक आपूर्ति निगम को 40 लाख बारदानों का आवंटन भी प्राप्त हुआ है।

अब बड़ा सवाल यह है कि करोड़ों रुपये के चावल की हेराफेरी में शामिल लोगों पर आगे क्या कार्रवाई होगी और धान खरीदी व्यवस्था कितनी पारदर्शी रहेगी ।

Next Post

चांगोटोला और सिर्रा में छापेमारी, 824 क्विंटल अवैध धान बरामद

Sat Nov 28 , 2026
बालाघाट,समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन व्यवस्था को पारदर्शी बनाने तथा अवैध रूप से धान का भंडारण और व्यापार करने वालों पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में प्रशासनिक एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमों ने चांगोटोला और वारासिवनी तहसील के […]

You May Like