
शाजापुर, गंदे नाले का रूप ले चुकी चीलर के भी दिन सुधरने की एक बार फिर उम्मीद जागी है. इस बार नदी को वृहद रूप से साफ करके इसे पुर्नजीवित किए जाने की योजना बनाई जा रही है. नगरीय प्रशासन मंत्रालय को पूरे शहरी क्षेत्र में चीलर नदी के उद्धार के लिए योजना बनाई जाकर स्वीकृति के लिए केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय पहुंचाई गई है.
इस प्रोजेक्ट को स्वीकृति मिलने के बाद पहली बार चीलर नदी के पूरी तरह उद्धार की राह प्रशस्त होगी और योजना पर अमल होने से नदी पुन: जीवित तो हो जाएगी, वहीं इसे पर्यटक स्थल के रूप में भी डेवलप किया जाएगा, जिससे नदी की सुंदरता से नगर की भी सुंदरता बढ़ जाएगी. चीलर नदी को गंदा करने में सबसे बड़ा योगदान इसमें मिलने वाले 13 बड़े गंदे नाले हैं. इन नालों से पूरे नगर की गंदगी बहकर नदी में आती है. इस कारण दिन-प्रतिदिन नदी में गंदगी और गाद बढ़ती जा रही है. विश्व बैंक द्वारा वित्त पोषित मल-जल परियोजना का नगर में कार्य लगभग पूर्ण बताया जा रहा है. इसके चलते पूरे नगर में करीब 4 हजार से ज्यादा चैंबर बनाए गए हैं. वहीं नालियों को बंद करके सीधे पाइप लाइन के माध्यम से गंदे पानी को सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट ले जाया जा रहा है. जहां पानी से गंदगी को साफ किया जा रहा है.
विधायक ने बनाई योजना, आगे बढ़ी फाइल
प्रारंभिक दौर में दावा किया गया था कि इस परियोजना के बाद चीलर नदी में गंदगी मिलना बंद हो जाएगी, लेकिन इसके विपरित नदी में लगातार गंदगी मिलने का क्रम जारी है. इसी परेशानी को देखते हुए विधायक अरुण भीमावद ने चीलर नदी के उद्धार के लिए वृहद योजना बनवाई. इस योजना को नगरीय प्रशासन विभाग के माध्यम से केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय तक पहुंचाया गया. बताया गया कि चीलर नदी के उद्धार की उक्त परियोजना की फाइल को शहरी विकास मंत्रालय से भी आगे बढ़ा दिया गया है, जिससे आगामी दिनों में इसकी स्वीकृति मिलने की उम्मीद जाग गई है. यदि ऐसा हुआ तो पूरे नगर में चीलर नदी का स्वरूप ही बदल जाएगा.
रिटर्निंग वॉल, पाथ-वे सहित अन्य कार्य है शामिल
चीलर नदी के उद्धार के लिए विधायक अरुण भीमावद द्वारा तैयार कराए गए प्रस्ताव में पूरे शहरी क्षेत्र में चीलर नदी के दोनों किनारे पर रिटर्निंग वॉल बनाई जाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है. इससे नदी में गंदगी मिलना बंद होगी और नदी की सीमा भी निर्धारित हो जाएगी. जिससे नदी में और अतिक्रमण बढऩे की संभावना समाप्त हो जाएगी. इसके साथ ही नदी के सभी घाटों का पुर्ननिर्माण और सौंदर्यीकरण किया जाने का भी प्रस्ताव इसी योजना में शामिल किया गया है. पूरे शहरी क्षेत्र में नदी के दोनों किनारे पर पाथवे बनाए जाने के साथ ही नदी के गंदे पानी को रिसायकल करने के लिए इसमें मशीनें लगाकर पानी को पुन: नदी में छोड़े जाने का भी प्रस्ताव शामिल किया गया है. जिससे नदी पुन: प्रवाहमान हो जाए और इसमें गंदगी नहीं मिले. इसके अतिरिक्त नदी में मिलने वाले समस्त नालों को भी इसमें से हटाया जाएगा. ताकि नदी में गंदगी नहीं मिले.
इनका कहना
मेरे कार्यकाल के प्रमुख कार्यों में चीलर नदी का उद्धार भी शामिल है. इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. अभी नदी के पूरी तरह साफ.सफाई और सौंदर्यीकरण के लिए 54 करोड़ रुपए का प्रस्ताव बनाकर नगरीय प्रशासन विभाग के माध्यम से केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय तक पहुंचाया गया है. वहां से भी फाइल आगे बढ़ गई है. उम्मीद है कि जल्द ही इस पर स्वीकृति मिलेगी और नदी का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा.
– अरुण भीमावद, विधायक, शाजापुर
