परिसीमन की चौसर पर दरका इंडिया का किला

नई दिल्ली, देश की सियासत इस वक्त एक ऐसे ऐतिहासिक मोड़ पर आ खड़ी हुई है, जहां संवैधानिक सुधारों की आड़ में बिछी राजनीतिक बिसात ने विपक्षी खेमे की बुनियाद हिला दी है. 30 नवंबर से शुरू होने जा रहे संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले केंद्र सरकार की रणनीतिक घेराबंदी ने विपक्षी इंडिया गठबंधन के किले में गहरी सेंध लगा दी है. महज सात महीने पहले जिस विपक्षी एकजुटता ने लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत के अभाव में परिसीमन विधेयक को धराशायी कर दिया था, आज वही एकता ताश के पत्तों की तरह बिखरती नजर आ रही है.

कुछ दिन पहले तक विपक्षी मोर्चे के सबसे भरोसेमंद स्तंभ माने जाने वाले शरद पवार की एनसीपी-एसपी और दक्षिण भारत में भाजपा के सबसे मुखर विरोधी रहे डीएमके के बदले हुए सुरों ने विपक्ष के सारे चुनावी गणित और साझा रणनीति को ध्वस्त कर दिया है.

राजनीतिक जानकार बता रहे हैं कि सत्ता के गलियारों में मची इस हलचल के पीछे केंद्र सरकार की वह सधी हुई राजनीतिक इंजीनियरिंग है, जिसमें उसने विपक्ष के सबसे धारदार हथियार को ही अपनी ढाल बना लिया है. सरकार ने परिसीमन विधेयक, 2026 के संशोधित मसौदे में लोकसभा की कुल सीटें 543 से बढ़ाकर 850 करने, सभी राज्यों की सीटों में 50 प्रतिशत की समान आनुपातिक बढ़ोतरी करने और इस अनुपात को अगले 25 वर्षों यानी 2051 तक फ्रीज रखने का नया दांव चला है. इस एक मास्टरस्ट्रोक ने दक्षिण भारत के प्रतिनिधित्व घटने की आशंका को कुंद कर दिया. जिसके कारण डीएमके के 22 और महाराष्ट्र की सियासी मजबूरियों से जूझ रही एनसीपी के 8 सांसदों के समर्थन के संकेतों ने एनडीए को दो-तिहाई बहुमत के जादुई आंकड़े के बेहद करीब पहुंचा दिया है. इस घटनाक्रम ने कांग्रेस और शेष विपक्षी दलों को एक बेहद नाजुक मोड़ पर ला खड़ा किया है. हालांकि शिवसेना उद्धव ठाकरे जैसे घटक दल इसे गठबंधन धर्म के साथ सीधा विश्वासघात मान रहे हैं, लेकिन संख्याबल के इस नए समीकरण में अब संसद के भीतर इस विधेयक को रोक पाना विपक्ष के लिए लगभग नामुमकिन हो गया है.

हालांकि राजनीतिक गलियारों में सबसे बड़ी चर्चा इस बात को लेकर है कि जिस द्रविड़ राजनीति की पूरी इमारत ही उत्तर भारत के वर्चस्व के विरोध और राज्यों की स्वायत्तता पर खड़ी रही है, उसने अचानक अपने रुख में इतना बड़ा बदलाव कैसे कर लिया. ऐसे में यह सवाल बेहद प्रासंगिक हो गया है कि क्या केंद्र की भाजपा सरकार के सबसे महत्वाकांक्षी विधेयक का समर्थन करना डीएमके प्रमुख एम. के. स्टालिन के लिए दोधारी तलवार साबित होगा. हालांकि डीएमके नेतृत्व इसे अपनी रणनीतिक जीत के रूप में पेश कर रहा है.

जानकारों की मानें तो विपक्ष के इस बिखराव ने मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के सामने दोहरा संकट खड़ा कर दिया है. पहली चुनौती गठबंधन के बचे हुए साथियों यानी तृणमूल कांग्रेस और सपा जैसे दलों को एकजुट रखने की है, तो दूसरी सबसे बड़ी चुनौती खुद को महिला आरक्षण विरोधी दिखने से बचाना है. सरकार 2023 के नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत 2029 के आम चुनाव से पहले महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए 2011 की जनगणना पर आधारित इस परिसीमन को अनिवार्य संवैधानिक मजबूरी बता रही है. ऐसे में यदि विपक्ष सीधे तौर पर विधेयक का विरोध करता है, तो सत्तापक्ष उसे महिला विरोधी करार देने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा. ऐसे में राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस चक्रव्यूह से निकलने के लिए विपक्ष के पास अब यही रास्ता बचता है कि वह विधेयक को संयुक्त संसदीय समिति यानी जेपीसी में भेजने की मांग पर अड़ जाए और जनता के बीच यह संदेश दे कि महिला आरक्षण को परिसीमन के बहाने टालने के बजाय मौजूदा 543 सीटों पर ही तत्काल लागू किया जाना चाहिए. बहरहाल, जोड़-तोड़ और रणनीतिक दबाव की इस मुहिम ने यह साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में संसद के भीतर होने वाला मतदान न केवल भारतीय लोकतंत्र का नया नक्शा तय करेगा, बल्कि विपक्षी राजनीति के पुराने समीकरणों को भी हमेशा के लिए इतिहास बना देगा.

Next Post

मुशफिकुर रहीम फरवरी 2027 में टेस्ट क्रिकेट से लेंगे संन्यास

Sat Nov 28 , 2026
ढाका, 28 नवम्बर (वार्ता) बांग्लादेश के अनुभवी खिलाड़ी मुशफिकुर रहीम फरवरी 2027 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने जा रहे हैं। बांग्लादेश में इंग्लैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैच खेले जाने की उम्मीद है, और मीरपुर में होने वाले पहले मैच के बाद मुशफिकुर अपने करियर को अलविदा कह देंगे। […]

You May Like