धूल के दमघोंटू गुबार में कैद बैढ़न-मोरवा

सिंगरौली । ऊर्जाधानी में औद्योगिक प्रदूषण पर नियंत्रण के दावे एक बार फिर जमीनी हकीकत के सामने बेनकाब होते नजर आ रहे हैं।बैढ़न-मोरवा मुख्य सड़क इन दिनों धूल के घने गुबार में गुम है। हालात ऐसे हैं कि दिन के उजाले में भी सड़क पर कोहरे जैसा दृश्य दिखाई देता है। फर्क इतना है कि यह प्राकृतिक कोहरा नहीं, बल्कि वाहनों की आवाजाही से उठती धूल है, जो राहगीरों के फेफड़ों तक पहुंच रही है। दोपहिया वाहन चालकों, राहगीरों और सड़क किनारे रहने वाले लोगों के लिए सांस लेना तक मुश्किल हो गया है।

एनसीएल प्रबंधन की ओर से पानी के नियमित छिड़काव के दावे किए जाते हैं, लेकिन सड़क की मौजूदा स्थिति इन दावों की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर रही है। यदि छिड़काव नियमित और प्रभावी है तो फिर सड़क पर धूल के इतने घने बादल क्यों उठ रहे है? सामने का रास्ता तक दिखाई नहीं देना हादसों को खुला न्योता दे रहा है। इधर सबसे गंभीर सवाल क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी सिंगरौली की कार्यप्रणाली पर है।

आखिर विभाग की निगरानी और कार्रवाई कहां है? क्या प्रदूषण नियंत्रण की जिम्मेदारी केवल निरीक्षण और कागजी रिपोर्ट तैयार करने तक सीमित रह गई है, जमीनी हालात तो यही आरोप लगाने को मजबूर करते हैं कि प्रदूषण नियंत्रण की कवायद कागजों में अधिक और धरातल पर नदारद है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को तत्काल मौके का निरीक्षण कर नियमित छिड़काव, धूल नियंत्रण और जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए। औद्योगिक विकास की कीमत आम नागरिकों की सांसें नहीं हो सकतीं।

Next Post

बॉक्स ऑफिस पर 'ये प्रेम मोल लिया' ने 'गनमास्टर G9' को पछाड़ा, चौथे हफ्ते में भी 'रामायण' ने बनाई सबसे मजबूत पकड़

Sat Nov 28 , 2026
हैदराबाद, 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘ये प्रेम मोल लिया’ और ‘गनमास्टर G9’ के बीच पहले दिन की कमाई में सूरज बड़जात्या निर्देशित रोमांटिक फैमिली ड्रामा ‘ये प्रेम मोल लिया’ आगे रही है। सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार पहले दिन शाम 7 बजे तक ‘ये प्रेम मोल लिया’ […]

You May Like