
जबलपुर। विद्युत बिलों की बकाया राशि की वसूली को लेकर मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने शहर में बड़े बकायादार उपभोक्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई की। शुक्रवार को कुल 417 बकायादार उपभोक्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई की गई, जिन पर लगभग 1 करोड़ 74 लाख रुपये की विद्युत बिल बकाया राशि थी। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मौके पर ही लगभग 27 लाख रुपये की राशि वसूल की। कार्रवाई के दौरान प्रेमसागर फीडर क्षेत्र में आईवीआरएस क्रमांक 1816000626 पर 2,14,117 रुपये की बकाया राशि होने पर पोल से विद्युत लाइन विच्छेदित की गई। इसी प्रकार मोहम्मद जावेद पर 81,959 रुपये, रितेश कुमार बेन पर 66,293 रुपये की बकाया राशि के प्रकरण में कार्रवाई की गई। अन्य प्रमुख प्रकरणों में नारायण राव पर 1,14,841 रुपये तथा रामसुख यादव पर 92,000 रुपये की बकाया राशि होने पर विद्युत कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त आईवीआरएस क्रमांक 1868002671 पर 48,955 रुपये की बकाया राशि होने पर पोल से लाइन काटकर केबल जब्त की गई। एक अन्य प्रकरण में पूर्व में बकाया राशि के कारण विच्छेदित किए गए कनेक्शन को उपभोक्ता द्वारा अवैधानिक रूप से पुन: जोडक़र बिजली का उपयोग किया जा रहा था। मौके पर पहुंची टीम ने विद्युत केबल काटकर नीचे गिराई तथा उसे विद्युत आपूर्ति से अलग किया। वहीं, आईवीआरएस क्रमांक 1827003953 से संबंधित राजकुमार के प्रकरण में भी अन्य कनेक्शन से अवैध रूप से विद्युत उपयोग किए जाने पर कार्रवाई की गई।
दोबारा अवैध रूप से बिजली जोडऩे पर होगी एफआईआर
विद्युत वितरण कंपनी ने स्पष्ट किया है कि बकाया राशि के कारण विद्युत कनेक्शन विच्छेदित होने के बाद यदि कोई उपभोक्ता बिना अनुमति स्वयं अथवा किसी अन्य माध्यम से विद्युत लाइन पुन: जोडक़र बिजली का उपयोग करता पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध विद्युत अधिनियम एवं प्रचलित नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में आवश्यकतानुसार प्राथमिकी भी दर्ज कराई जाएगी। सभी बकायादार उपभोक्ता अपने लंबित विद्युत बिलों का तत्काल भुगतान सुनिश्चित करें, अन्यथा उनके विरुद्ध विद्युत विच्छेदन एवं बकाया वसूली की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
