अकासा एयर 16 जून से नोएडा से शुरू करेगी उड़ान

नयी दिल्ली, 11 मई (वार्ता) नवोदित विमान सेवा कंपनी अकासा एयर ने आगामी 16 जून से उत्तर प्रदेश के जेवर स्थित नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ानें शुरू करेगी। अकासा एयर ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि वह 16 जून को नोएडा से बेंगलुरु और नवी मुंबई के लिए उड़ानें शुरू करने वाली है। दोनों दैनिक उड़ानें होंगी। नवी मुंबई की उड़ान सुबह 10.15 बजे और बेंगलुरु की शाम 7.55 बजे रवाना होगी। नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन इस साल मार्च में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। इस एयरपोर्ट से पहली वाणिज्यिक उड़ान 15 जून को शुरू होगी। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाद यह दिल्ली-एनसीआर का दूसरा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा है।

अकासा एयर के सह-संस्थापक और मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी आनंद श्रीनिवासन ने कहा, “जैसे-जैसे देश का विमानन बाजार विस्तार कर रहा है, विकास को बनाये रखने के लिए सही अवसंरचना केंद्रों पर क्षमता निर्माण बेहद महत्वपूर्ण होगा। आधुनिक बुनियादी ढांचे, मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी और दीर्घकालिक क्षमता संभावनाओं के साथ, नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र तक पहुंच को बदल देगा। हमें खुशी है कि हम उन शुरुआती एयरलाइनों में शामिल हैं जो इस एयरपोर्ट पर संचालन शुरू कर रही हैं। इससे हमें प्रारंभिक स्तर पर अपनी उपस्थिति मजबूत करने, नेटवर्क प्रवाह को बेहतर बनाने और मांग के अनुसार क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।” उन्होंने कहा कि समय के साथ, नोएडा हवाई अड्डे से अन्य शहरों के लिए भी उड़ानें शुरू की जायेंगी। आने वाले समय में अकासा एयर इस एयरपोर्ट परिसर में एक अत्याधुनिक एमआरओ (मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल) सुविधा भी संचालित करेगी।

.....

Next Post

सिंधुजा माइक्रोक्रेडिट ने जुटाई 50 लाख डॉलर की पूंजी

Mon May 11 , 2026
नयी दिल्ली, 11 मई (वार्ता) स्वरोजगार करने वाली महिला उद्यमियों को वित्तीय सेवाएं प्रदान करने वाली नयी पीढ़ी की डिजिटल और ग्रामीण-केंद्रित माइक्रोफाइनेंस संस्था सिंधुजा माइक्रोक्रेडिट ने प्री-सीरीज़ डी फंडिंग राउंड में 50 लाख डॉलर (लगभग 47 करोड़ रुपये) जुटाए हैं। कंपनी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इस […]

You May Like

मनोरंजन