
इंदौर. इंदौर के ए.बी. रोड बायपास (राष्ट्रीय राजमार्ग-52, पूर्व क्रमांक-3) के किनारे निर्माण कार्यों को लेकर मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय की इंदौर खंडपीठ ने शुक्रवार को एक बेहद महत्वपूर्ण अंतरिम आदेश पारित किया। न्यायमूर्ति सुबोध अभ्यंकर और न्यायमूर्ति पवन कुमार द्विवेदी की युगलपीठ ने बायपास के नियंत्रण क्षेत्र (कंट्रोल जोन) को घटाए जाने के खिलाफ दायर जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए आदेश दिया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के 105 मीटर से 150 मीटर के बीच के दायरे में कोई भी नई अनुमति प्रदान नहीं की जाएगी। इसके साथ ही कोर्ट ने मध्यप्रदेश शासन, भारत सरकार और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण सहित सभी प्रतिवादियों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
क्या है पूरा मामला: 150 से घटाकर 105 मीटर कर दिया था गलियारा
यह जनहित याचिका इंदौर के वरिष्ठ सिविल एवं स्ट्रक्चरल इंजीनियर अतुल शेठ ने दायर की है। याचिका में राज्य शासन द्वारा 6 मई 2025 को जारी राजपत्र अधिसूचना को चुनौती दी गई है। इस अधिसूचना के माध्यम से राऊखेड़ी जंक्शन से राऊ जंक्शन तक के मार्ग-खंड पर राजमार्ग का नियंत्रित गलियारा 150 मीटर से घटाकर 105 मीटर कर दिया गया था और इस तरह मुक्त हुई 45 मीटर की पट्टी पर मिश्रित भू-उपयोग की अनुमति दे दी गई थी।
सड़क सुरक्षा और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अनदेखी का आरोप
याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज मुंशी एवं अधिवक्ता हर्षवर्धन राठौर ने पैरवी करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रमुख तर्क रखे कि राष्ट्रीय राजमार्ग केंद्र सरकार का विषय है, इसलिए राज्य शासन को इसके नियंत्रण क्षेत्र को घटाने का वैधानिक अधिकार नहीं है। अधिसूचना जारी करने से पहले मध्यप्रदेश नगर तथा ग्राम निवेश अधिनियम, 1973 की अनिवार्य प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। याचिकाकर्ता के अनुसार हाईवे के बिल्कुल किनारे निर्माण की छूट देने से ट्रैफिक दबाव बढ़ेगा और सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा होगा। यह कदम सर्वोच्च न्यायालय द्वारा 13 अप्रैल 2026 को सड़क सुरक्षा के संबंध में दिए गए दिशा-निर्देशों के भी विपरीत है। न्यायालय ने याचिकाकर्ता के इन तर्कों से प्रथम दृष्टया सहमत होते हुए 105 से 150 मीटर की पट्टी में किसी भी प्रकार की अनुमति देने पर तत्काल रोक लगा दी है।
हाईकोर्ट के आदेश के मायने : शहर और निवेशकों पर क्या होगा असर?
* नई निर्माण अनुमतियों पर ब्रेक: राऊखेड़ी से राऊ जंक्शन के बीच बायपास से सटी 45 मीटर की उस पट्टी पर अब न तो नगर एवं ग्राम निवेश से नक्शे पास होंगे और न ही निगम या पंचायत से निर्माण अनुमति मिलेगी।
* कॉलोनाइजरों और कमर्शियल प्रोजेक्ट्स को झटका: मई 2025 की अधिसूचना के बाद इस पट्टी पर कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, मॉल और मल्टीस्टोरी प्रोजेक्ट्स की योजना बना रहे बिल्डरों व निवेशकों के काम पर फिलहाल विराम लग गया है।
