
इंदौर. महंगी बाइक, लग्जरी लाइफस्टाइल और शौक पूरे करने के लिए वाहन चोरी करने वाला गिरोह पुलिस के हाथ लगा है. कनाड़िया क्षेत्र से चोरी हुई दो महंगी मोटरसाइकिलों की जांच करते हुए पुलिस धार जिले के टांडा-बाग क्षेत्र तक पहुंची, जहां से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया. आरोपियों के कब्जे से यामाहा आर-15 और केटीएम आरसी-200 बरामद की गई हैं. पुलिस को आशंका है कि आरोपी शहर में अन्य वाहन चोरी की वारदातों में भी शामिल हैं.
23 नवंबर की रात कनाड़िया गांव और संचार नगर, कनाड़िया रोड क्षेत्र से दो मोटरसाइकिल चोरी हुई थीं. फरियादियों की शिकायत पर पुलिस ने अगले दिन चोरी के अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू की. घटनास्थलों के निरीक्षण और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ मुखबिरों व तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची. पुलिस टीम ने धार जिले के टांडा, बाग और गंधवानी क्षेत्र में कार्रवाई कर सुरेश उर्फ सरजू मछार, अंबू बास्केल और अजय मोरे को गिरफ्तार किया. आरोपियों के कब्जे से चोरी की यामाहा आर-15 और केटीएम आरसी-200 बरामद हुई हैं. दोनों मोटरसाइकिलों की कीमत करीब चार लाख रुपए बताई गई है. महंगी बाइक ही निशाने पर, गुजरात में बेचने की जानकारी पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सामान्य वाहनों के बजाय महंगी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे. चोरी के वाहन गुजरात में बेचने की जानकारी भी मिली है. पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है. आशंका है कि पूछताछ में शहर और अन्य क्षेत्रों में चोरी की गई कुछ और महंगी मोटरसाइकिलों का पता चल सकता है. एसीपी आशीष पटेल ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की दोनों महंगी मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गई हैं. आरोपी महंगी बाइक को निशाना बनाते थे और चोरी के वाहन गुजरात में बेचने की जानकारी मिली है. आरोपियों से रिमांड पर पूछताछ की जा रही है, जिसमें अन्य वाहन चोरी की वारदातों का खुलासा होने की संभावना है.
