नयी दिल्ली, 27 नवंबर (वार्ता) भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने 1601-सीरीज के नंबर का विस्तार करते हुए दूसरे चरण के तहत बड़े रिटेल चेन, अस्पताल, दूरसंचार सेवा प्रदाताओं तथा अन्य कई सेक्टरों को इसमें शामिल करने की घोषणा की। नियामक द्वारा जारी निर्देश में कहा गया है कि 1601-सीरीज को लागू करने के दूसरे चरण के तहत रिटेल चेन, ई-कॉमर्स, अस्पताल, डायग्नोस्टिक लैब, दूरसंचार सेवा प्रदाता, इंटरनेट सेवा प्रदाता, वाहन विक्रेता, वाहनों की मरम्मत और सर्विसिंग करने वाली एजेंसियां, ट्रैवल एजेंसी, वाणिज्यिक विमान सेवा कंपनियां, फूड एग्रीगेटर, राइड-हेलिंग एग्रीगेटर और ऋण सेवा प्रदाता भी अपने ग्राहकों को कॉल करने के लिए 1601-सीरीज के नंबर ले सकेंगे। इसके लिए पिछले तीन वित्त वर्ष में से कम-से-कम एक साल कंपनी का वार्षिक कारोबार 500 करोड़ रुपये या उससे अधिक का होना जरूरी होगा।
डायरेक्ट-टू-होम, हेडएंड-इन-द-स्काई, इंटरनेट प्रोटोकॉल टेलीविजन सेवा प्रदाता और मल्टी-सिस्टम ऑपरेटर जैसे डिस्ट्रीब्यूशन प्लेटफॉर्म ऑपरेटर भी इस नंबर के इस्तेमाल के पात्र होंगे बशर्ते उनके पास पिछले 12 महीनों में से किसी भी महीने में 10 लाख या उससे अधिक सब्सक्राइबर रहे हों।
इसका उपयोग केवल सेवा और लेन-देन संबंधी वॉयस कॉल के लिए किया जा सकता है। प्रचार-प्रसार संबंधी वॉयस कॉल के लिए इसका उपयोग करना पूरी तरह से प्रतिबंधित है।
ट्राई ने बताया कि 1601-सीरीज के नंबर केवल भारत में लागू कानूनों के तहत पंजीकृत कंपनियों को ही दिए जाएंगे। नियामक ने 10 अगस्त 2026 के अपने निर्देश के माध्यम से पहले चरण में यूटिलिटी (उपयोगिता सेवाओं), लॉजिस्टिक्स और कूरियर सेवा क्षेत्रों को 1601-सीरीज के नंबर आवंटित करने की अनुमति दी थी। बैंकिंग, वित्तीय सेवा एवं बीमा कंपनियों, और सरकारी कंपनियों को 1600-सीरीज के नंबर दिए गए हैं।
विशेष सीरीज के नंबर होने के उपभोक्ताओं को यह पहचानने में आसानी होती है कि कौन सी कॉल वास्तव में किसी वैध सेवा या लेन-देन से जुड़ी है। इससे लोग उन धोखेबाजों से बच सकते हैं जो 10-अंकों वाले नंबरों का उपयोग करके खुद को किसी वैध व्यवसाय का प्रतिनिधि बताते हुए लोगों को ठगते हैं।
सभी एक्सेस प्रोवाइडर को 180 दिन के भीतर सभी पात्र संस्थाओं की ऑनबोर्डिंग और माइग्रेशन प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया है।

