लिथियम, निकेल प्रसंस्करण संयंत्रों के लिए 2,814 करोड़ रुपये की योजना अधिसूचित

नयी दिल्ली, 27 नवंबर (वार्ता) केंद्र सरकार ने लिथियम और निकेल प्रसंस्करण संयंत्र लगाने के लिए 2,814 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन योजना को अधिसूचित कर दिया है। महत्वपूर्ण खनिजों के लिए आयात पर निर्भरता कम करने और रणनीतिक आपूर्ति श्रृंखलाओं को सुरक्षित करने के उद्देश्य से केंद्रीय मंत्रिमंडल ने लिथियम और निकेल प्रसंस्करण के चार संयंत्र स्थापित करने के लिए 2,814 करोड़ रुपये की ‘पूंजीगत व्यय सहायता योजना’ को इस महीने के आरंभ में मंजूरी प्रदान की थी।

खान मंत्रालय ने 25 नवंबर को ‘महत्वपूर्ण खनिज प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के लिए पूंजीगत व्यय सहायता योजना’ के लिए अधिसूचना जारी की जिसका प्रकाशन शुक्रवार को किया गया। इसकी अवधि पांच साल (वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक) है। इसके तहत इलेक्ट्रिक वाहनों, बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणालियों, इलेक्ट्रॉनिक्स, रक्षा और अन्य रणनीतिक उद्योगों के लिए आवश्यक खनिजों की घरेलू प्रसंस्करण क्षमताओं को मजबूत करने पर फोकस होगा।

योजना में दो लिथियम प्रसंस्करण संयंत्र (प्रत्येक की न्यूनतम वार्षिक क्षमता 30,000 टन लिथियम कार्बोनेट के बराबर) और दो निकेल प्रोसेसिंग संयंत्र (प्रत्येक की न्यूनतम वार्षिक क्षमता 50,000 टन निकेल धातु सामग्री) स्थापित करने की परिकल्पना की गई है।

अधिसूचना के बाद किए गए पात्र निवेशों पर सरकार 30 प्रतिशत तक की पूंजीगत व्यय सहायता देगी। इसमें हर लिथियम प्रोसेसिंग संयंत्र के लिए 500 करोड़ रुपये और प्रति निकेल प्रोसेसिंग संयंत्र के लिए 900 करोड़ रुपये की अधिकतम सीमा तय की गई है। शेष 14 करोड़ रुपये प्रशासनिक व्यय के लिए प्रस्तावित किए गए हैं।

खान मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि महत्वपूर्ण खनिज प्रसंस्करण का कुछ ही देशों में केंद्रित होना आपूर्ति श्रृंखलाओं को भू-राजनीतिक व्यवधानों, कीमतों में उतार-चढ़ाव और संभावित आपूर्ति प्रतिबंधों के जोखिम में डालता है। इसका देश की आर्थिक सुरक्षा, राष्ट्रीय सुरक्षा और कार्बन उत्सर्जन कम करने के लक्ष्यों पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।

वित्तीय सहायता में प्लांट, मशीनरी, उपकरण, संबंधित सुविधाओं, संयंत्र लगाने, संयंत्र शुरू करने, ऐसे कर और शुल्क जिनका क्रेडिट नहीं मिल सकता और तकनीक हस्तांतरण पर होने वाला खर्च शामिल होगा। जमीन पर होने वाला खर्च प्रोत्साहन के लिए पात्र नहीं होगा।

कंपनियां, अंतरराष्ट्रीय इकाइयां, कंपनियों के समूह और कंसोर्टियम इसमें भाग लेने के पात्र होंगे। लिथियम प्रसंस्करण परियोजनाओं के आवेदकों का न्यूनतम नेट वर्थ 300 करोड़ रुपये और निकेल प्रसंस्करण संयंत्र का प्रस्ताव देने वालों का न्यूनतम नेट वर्थ 500 करोड़ रुपये होना चाहिए।

आवेदकों को खदान के स्वामित्व, ऑफटेक समझौतों या अन्य व्यवस्थाओं के माध्यम से कच्चे माल की सुनिश्चित आपूर्ति का प्रमाण देना होगा।

लाभार्थियों का चयन दो चरण की प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा। चयनित आवेदकों को ‘अभिरुचि पत्र’ जारी होने के 120 दिन के भीतर वित्तीय क्लोजर दिखाना होगा और लिथियम परियोजनाओं के लिए 60 करोड़ रुपये तथा निकेल परियोजनाओं के लिए 100 करोड़ रुपये की परफॉरमेंस बैंक गारंटी या बीमा गारंटी बॉन्ड जमा करने होंगे।
वित्तीय सहायता तीन किस्तों में जारी की जाएगी। आवंटन पत्र जारी होने के तीन साल के भीतर संयंत्र शुरू नहीं करने पर वित्तीय सहायता राशि में से कटौती की जाएगी। पांच साल तक भी संयंत्र शुरू नहीं करने पर गारंटी की राशि जब्त की जा सकती है और पहले दी गई वित्तीय सहायता की वसूली की जा सकती है।

.....

Next Post

12 दिसंबर के लिए लाल परेड ग्राउंड पर कांग्रेस की नजर, अनुमति को लेकर प्रशासन से सवाल 

Fri Nov 27 , 2026
भोपाल में 12 दिसंबर को होने वाले संविधान रक्षा मार्च के लिए कांग्रेस ने लाल परेड ग्राउंड की मांग तेज कर दी है। कार्यक्रम स्थल की अनुमति को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश […]

You May Like

मनोरंजन