
ग्वालियर, शहर की सड़कों की बदहाली, निर्माण कार्यों में देरी और सड़क परियोजनाओं से जुड़े सवालों को लेकर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ में चल रही जनहित याचिका में अब स्मार्ट सिटी के सीईओ को भी पक्षकार बनाने का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है। हाईकोर्ट की युगलपीठ ने गुरुवार को सुनवाई के दौरान स्मार्ट सिटी के सीईओ को सात दिन के भीतर जवाब पेश करने का अवसर दिया है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय में जवाब पेश नहीं किया गया तो यह माना जाएगा कि स्मार्ट सिटी के सीईओ को याचिका में पक्षकार बनाए जाने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है और याचिकाकर्ता का आवेदन बिना विरोध स्वीकार कर लिया जाएगा। मामले की अगली सुनवाई 7 दिसंबर को निर्धारित की गई है।
न्यायमूर्ति जीएस अहलूवालिया और न्यायमूर्ति अनुराधा शुक्ला की युगलपीठ ने कैलाश चंद अग्रवाल की जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान एनएचएआई और राज्य सरकार को 30 नवंबर तक अपने जवाब की प्रतियां सभी पक्षकारों और जांच आयोग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। एनएचएआई की ओर से अधिवक्ता संकल्प शर्मा और राज्य सरकार की ओर से सरकारी अधिवक्ता रविंद्र दीक्षित ने निर्धारित तारीख तक प्रतियां उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। राज्य सरकार ने 5 अक्टूबर के आदेश के पालन में जवाब दाखिल किया है। अदालत ने सभी पक्षकारों को जवाब का अध्ययन कर एक सप्ताह में प्रत्युत्तर दाखिल करने का समय दिया है।
