नई दिल्ली। चलती ट्रेन में सफर के दौरान पूजा-पाठ करने का एक अनोखा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक यात्री ने अपनी सीट के पास लगी फोल्डिंग स्नैक ट्रे पर भगवान की तस्वीर रखकर बाकायदा पूजा की तैयारी कर ली। ट्रे पर फूल, पूजा की कटोरी और अन्य सामग्री सजाई गई। इसके बाद यात्री ने दीपक जलाया और शंख बजाकर पूजा शुरू कर दी।
वीडियो में शख्स पारंपरिक वेशभूषा में नजर आ रहा है। उसके माथे और शरीर पर भस्म लगी हुई है। चलती ट्रेन के कोच में इस तरह पूजा करते यात्री को देखकर आसपास के लोग भी हैरान रह गए। किसी ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
*आस्था के साथ सुरक्षा पर भी उठे सवाल*
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स की प्रतिक्रियाएं बंट गई हैं। कुछ लोग इसे व्यक्ति की धार्मिक आस्था से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कई यूजर्स ने ट्रेन के भीतर जलता हुआ दीपक इस्तेमाल करने पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक परिवहन में खुली आग का इस्तेमाल दूसरे यात्रियों के लिए जोखिम पैदा कर सकता है।
*रेलवे से भी मांगी गई जानकारी*
वीडियो को लेकर रेलवे सेवा की ओर से संबंधित पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रेन नंबर, यात्रा की तारीख और PNR जैसी जानकारी मांगी गई, ताकि मामले की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
फिलहाल इस वीडियो में दिखाई दे रहे यात्री की पहचान और घटना की पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन चलती ट्रेन में पूजा-पाठ का यह अनोखा तरीका सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय जरूर बन गया है।
