इंदौर: इंदौर से करीब 20 किलोमीटर दूर उज्जैनी स्थित नर्मदा और क्षिप्रा का संगम स्थल केवल दो नदियों का मिलन बिंदु नहीं, बल्कि लाखों लोगों की आस्था का केंद्र है. लेकिन नवभारत की टीम ने जब ग्रामीणों की शिकायत पर मौके का दौरा किया, तो वहां की तस्वीर बेहद निराशाजनक नजर आई. जिस महत्वाकांक्षी नर्मदा-क्षिप्रा सिंहस्थ लिंक परियोजना का कभी बड़े समारोह में लोकार्पण हुआ था, आज वह स्थल काई, गंदगी और जर्जर सीढ़ियों के बीच अपनी पहचान तलाश रहा है.
आस्था की वो तस्वीर, जो व्यवस्था पर उठाती है सवाल
मौके पर एक ग्रामीण महिला काई और गंदगी से बचते हुए बेहद सावधानी से चुल्लू से अपने लोटे में पानी भरती दिखाई दी. पूछने पर उसने बताया कि वह भगवान के अभिषेक के लिए पवित्र जल ले जा रही है. यह दृश्य एक तरफ इस संगम स्थल की गहरी धार्मिक महत्ता को दर्शाता है, तो दूसरी तरफ प्रशासन के साफ-सफाई और सुविधाओं के दावों की पोल भी खोलता है.
घाट पर फिसलन, टूटी सीढ़ियां और पहुंच मार्ग भी बदहाल
ग्राउंड विजिट में सामने आया कि पानी की सतह पर काई की मोटी परतें जमी हुई हैं. घाट और पुल के आसपास काई फैलने से हर वक्त फिसलन और हादसे का डर बना रहता है. पर्यटकों और श्रद्धालुओं ने बताया कि मंदिर की सीढ़ियां जर्जर हो चुकी हैं, परिसर में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं और एक डस्टबिन तक नहीं है. इतना ही नहीं, मुख्य सड़क से संगम स्थल तक पहुंचने वाला मार्ग भी कई जगह से उखड़ चुका है.
348 मीटर ऊंचाई तक लिफ्ट होता है पानी, पर रखरखाव नदारद
नर्मदा-क्षिप्रा लिंक परियोजना की चुनौतियां केवल सफाई तक सीमित नहीं हैं. नर्मदा के जल को 348 मीटर की ऊंचाई तक लिफ्ट करने में हर महीने भारी बिजली और संचालन खर्च आता है. करोड़ों रुपए खर्च होने के बावजूद पर्यटन और धार्मिक दृष्टि से विकसित किए गए इस स्थल पर बुनियादी रखरखाव का अभाव सिस्टम की उदासीनता को उजागर करता है.
12 साल पहले हुआ था भव्य आगाज, अब सिर्फ शिलालेख बाकी
गौरतलब है कि 25 फरवरी 2014 को उज्जैन के ग्राम मुंडला दोस्तदार में नर्मदा-क्षिप्रा सिंहस्थ लिंक परियोजना का लोकार्पण तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी ने किया था. उस भव्य समारोह में देश और प्रदेश की कई दिग्गज राजनीतिक हस्तियां शामिल हुई थीं. उस ऐतिहासिक आयोजन की याद दिलाने वाला शिलालेख आज भी स्थल पर लगा है, लेकिन मौजूदा बदहाली उस चमक से बिल्कुल उलट कहानी बयां कर रही है.
आगे की चिंताः सिंहस्थ 2028 से पहले नहीं सुधरे हालात तो कैसे होगा शाही स्नान?
आगामी सिंहस्थ महापर्व 2028 में क्षिप्रा नदी में शुद्ध और पर्याप्त जल प्रवाह बनाए रखने की पूरी जिम्मेदारी इसी नर्मदा-क्षिप्रा लिंक परियोजना पर टिकी है. उज्जैनी स्थित यही संगम स्थल इस पूरे नेटवर्क का मुख्य केंद्र बिंदु है, जहां से नर्मदा का जल क्षिप्रा की धारा में मिलता है. यदि मुख्य केंद्र पर ही काई, गंदगी और रखरखाव की ऐसी अनदेखी बनी रही, तो आने वाले समय में न केवल जल गुणवत्ता प्रभावित होगी, बल्कि सिंहस्थ के दौरान यहां आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के सामने भी अव्यवस्था और हादसे का संकट खड़ा हो जाएगा.
बन सकता था इंदौर का बेहतरीन ‘टूरिस्ट स्पॉट’
इंदौर शहर से मात्र 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित होने के कारण उज्जैनी संगम स्थल शहरवासियों के लिए एक शानदार वीकेंड और धार्मिक पर्यटन केंद्र बन सकता था. प्राकृतिक हरियाली और दो पवित्र नदियों के संगम के बावजूद यहां न तो बैठने के लिए उचित शेड हैं, न पीने के साफ पानी की व्यवस्था और न ही महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम या शौचालय की सुविधा. बुनियादी सुविधाओं के अभाव में पर्यटक यहां आकर निराश लौटते हैं.
इनसेट
बच्चों को संगम दिखाने लाए थे, पर गंदगी और फिसलन देख डर गए
इंदौर से परिवार के साथ उज्जैनी संगम स्थल पहुंचे लोगों ने मौके की बदहाली पर गहरी निराशा जताई. इंदौर के अजय यादव का कहना था कि वे बड़ी आस्था और सुकून के पल बिताने के इरादे से यहां आए थे, लेकिन घाट पर जमी काई, कचरे के ढेर और टूटी सीढ़ियां देखकर मन दुखी हो गया. कई महिलाओं और बुजुर्गों ने बताया कि फिसलन इतनी ज्यादा है कि बच्चों को पानी के करीब ले जाने में भी डर लगता है. न तो बैठने की साफ जगह है और न ही बुनियादी सुविधाएं. एक अन्य परिवार के साथ आई सुहासिनी वर्मा ने प्रशासन से मांग की है कि करोड़ों रुपए से बने इस पवित्र स्थल की नियमित सफाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं.
जल्द शुरू होगा काम
संगम स्थल पर मेंटेनेंस का काम जल्द शुरू किया जा रहा है. आगामी एक सप्ताह के भीतर पूरे परिसर और घाटों की सफाई करा दी जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो.
– अभय देशमुख
