यात्रियों ने जाना रेलवे का गौरवशाली इतिहास

इंदौर: भारतीय रेलवे की विरासत सिर्फ पटरियों, ट्रेनों और स्टेशनों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे इतिहास, तकनीक और गौरवशाली परंपराओं की एक लंबी कहानी छिपी है. इसी विरासत से नई पीढ़ी और आमजन को रूबरू कराने के लिए पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल में विश्व धरोहर सप्ताह के तहत 19 से 25 नवंबर तक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए.

इन आयोजनों का खास आकर्षण पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन रही. इस ऐतिहासिक रेलखंड पर सफर कर रहे यात्रियों को न केवल प्राकृतिक सुंदरता का अनुभव मिला, बल्कि उन्हें इस रेलमार्ग के ऐतिहासिक महत्व और विशेषताओं को जानने का अवसर भी मिला. ट्रेन संख्या 52965/66 में विशेष जागरूकता संगोष्ठी और प्रश्नोत्तरी सत्र आयोजित किए गए. डिपो कर्मचारियों ने यात्रियों को इस विरासत रेलखंड के इतिहास से परिचित कराया. ट्रेन में विश्व धरोहर सप्ताह के पोस्टर लगाए गए और यात्रियों को जानकारीपूर्ण पुस्तिकाएं भी वितरित की गईं. गौरतलब है कि विश्व धरोहर सप्ताह प्रतिवर्ष 19 से 25 नवंबर तक मनाया जाता है. इस दौरान ऐतिहासिक स्थलों, विरासत रेलखंडों, संग्रहालयों और धरोहर संपत्तियों के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती हैं।

यहां भी हुए आयोजन
जागरूकता अभियान का दायरा केवल हेरिटेज ट्रेन तक सीमित नहीं रहा. ऐतिहासिक स्टीम लोकोमोटिव, दाहोद रेलवे स्टेशन, उज्जैन रेलवे स्टेशन, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय और रतलाम रेलवे स्टेशन पर भी संगोष्ठियों एवं प्रश्नोत्तरी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. इन कार्यक्रमों में यात्रियों और आम लोगों को पुराने भाप इंजनों की उपयोगिता, रेलवे के विकास के इतिहास और भारतीय रेल की गौरवशाली परंपराओं के बारे में जानकारी दी गई.

नई पीढ़ी को जोड़ने की पहल
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार, इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य भारतीय रेलवे की समृद्ध ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ उसका व्यापक प्रचार-प्रसार करना और आमजन में इसके प्रति जागरूकता विकसित करना रहा.

Next Post

तीन सड़कों पर ई-रिक्शा प्रतिबंधित

Thu Nov 26 , 2026
इंदौर: शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. शहर के तीन प्रमुख और व्यस्त मार्गों पर अब ई-रिक्शा नहीं चल सकेंगे. कलेक्टर शिवम वर्मा ने पुराना एबी रोड, एमजी रोड और सुपर कॉरिडोर पर ई-रिक्शा के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया […]

You May Like

मनोरंजन