इंदौर। इंदौर में लॉर्ड्स स्पोर्ट्स एकेडमी के जरिए बच्चों को खेलों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा निखारने का प्रयास किया जा रहा है। एकेडमी में क्रिकेट, बैडमिंटन, स्केटिंग और फुटबॉल जैसे खेलों की नियमित ट्रेनिंग दी जाती है। यहां 10 से लेकर 16 साल तक के बच्चे खेलों का प्रशिक्षण ले रहे हैं।
हाल ही में लॉर्ड्स स्पोर्ट्स एकेडमी और सेंट प्लॉटी स्कूल के बीच क्रिकेट मैच आयोजित किया गया। मुकाबले में एकेडमी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 190 रन का लक्ष्य रखा। इसके जवाब में सेंट प्लॉटी स्कूल की टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। लॉर्ड्स स्पोर्ट्स एकेडमी ने मुकाबले में 120 रन से जीत दर्ज की।
एकेडमी में शाम के समय बच्चों के लिए अलग-अलग खेलों की क्लासेज संचालित की जाती हैं, जहां खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास कराया जाता है।
वहीं, एकेडमी की ओर से 6 दिसंबर को प्रथम इंटर स्कूल रोलर स्केटिंग टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। एकेडमी मैनेजर कृष्ण राठौर के मुताबिक, इस प्रतियोगिता में सभी स्कूलों के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे। टूर्नामेंट का उद्देश्य बच्चों को खेलों के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाना है।
