कांग्रेस ने माताओं बहनों के लिए कभी नहीं सोचा: यादव

सागर, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने माताओं-बहनों के सम्मान के लिए अनेकों कार्य किए, लेकिन कांग्रेस ने माताओं बहनों के सम्मान के बारे में कभी नहीं सोचा, जबकि देश और प्रदेश में उनकी लम्बे समय से सरकारें रहीं हैं।
डॉ यादव भाई दूज के अवसर पर सागर लोकसभा के अंर्तगत सुरखी विधानसभा के बेलहरा में आयोजित नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में पहुंचने पर भारी संख्या में उपस्थित बहनों ने मुख्यमंत्री का तिलक लगाकर, पुष्पों की माला पहनाकर स्वागत अभिनंदन किया। बहनों ने इस अवसर पर रक्षासूत्र बांधे और नारों का जयघोष किया। बहनों के स्नेह, दुलार और अशीर्वाद से भावविभोर हुए मुख्यमंत्री ने शीश झुकाकर बहनों का अभिवादन किया। डॉ यादव ने इस अवसर पर बहनों से संवाद भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और प्रदेश में लंबे समय तक कांग्रेस की सरकार थीं, उन्होंने कभी माताओं-बहनों के लिए नहीं सोचा, जबकि माताओं बहनों के सम्मान में भाजपा की सरकार ने अनेकों काम किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नारी सशक्तिकरण हो रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने बहनों को मौका दिया, अब बहनों की जवाबदारी ज्यादा हो गई है, अब भारतीय संस्कृति का परचम लहराना है, हम सबको संकल्प करना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री ने बहनों को विश्वास दिलाते हुए कहा कि लाडली बहना योजना ना तब बंद हुई ना आज बंद हुई और ना आगे बंद होगी। ये लगातार जारी रहेगी। कोई भी योजना बंद नहीं होगी। जैसी नियत वैसी बरक्कत ये भाजपा की सरकार है। उन्होंने कहा कि विपक्ष गुमराह करने के सभी प्रयास करेगा, लेकिन हमें उस पर विश्वास नहीं करना है। उन्होंने कहा रानी अवंतिका बाई के नाम पर विश्वविद्यालय खोलने का काम भाजपा की सरकार ने किया। रानी दुर्गावती के नाम पर जबलपुर में पहली कैबिनेट हुयी।
डॉ यादव ने नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि दुनिया वालों के लिए भारत और भारत की संस्कृति बहुत बड़ा रहस्य है। दुनिया में 200 से ज्यादा देश हैं, लेकिन किसी देश का नाम माता के आधार पर नहीं है। माता के आधार पर एकमात्र देश, भारत माता। हमारे देश की ये अलग विशेषता है। अपने ऋषि मुनियों ने हमारी संस्कृति की धारा में मां को कहां-कहां ढूंढा। मां भगवान का साक्षात रूप है। मां श्रद्धा और आस्था की मूर्ति है। मां कहते ही हमको लगता है, भगवान को हमने नहीं देखा लेकिन मां को देख लो तो भगवान पर अपने आप श्रद्धा बढ़ जाती है।
मुख्यमंत्री ने बहनों के महत्व को बताते हुए कहा कि बहनों के द्वारा ये हाथ में बांधने वाला धागा आपके माध्यम से हमारी शक्ति का आधार बनता है। दुनिया की किसी भी ताकत से लड़ने का साहस, पराक्रम की पराकाष्ठा करने की और यह जो तिलक लगाने की आपकी वृति है। जीवन में अपने मस्तक को कभी किसी के आगे झुकने नहीं देते। इसका आधार हमारी बहने होती हैं। उन्होंने कहा कि जब-जब इतिहास ने हमसे प्रश्न पूछा कि आपका पुरुषार्थ क्या है, आपका पराक्रम क्या है, आप किस संस्कृति से जाने जाते हैं, आपकी पहचान क्या है। तब हमारा अतीत जुड़ता है, रणचंडी भवानी माँ दुर्गा से। इस देश में जब-जब असुरी प्रवृत्तियों ने अपना अधिकार जमाना चाहा तो महादेव के पीछे लग करके रणचंडी मां दुर्गा ने अपने खड़ग से मुंडो की माला सजाकर उदाहरण पेश किया।
नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम के अवसर पर हर वर्ग की महिलाओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। स्व सहायता समूह की बहनों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन करते हुए समूह द्वारा बनाये गए उत्पाद भी भेंट किए। तो वहीं बहनों ने भाईदूज के अवसर पर अपने मुख्यमंत्री डॉ यादव को तिलक लगाया एवं बहनों ने सेल्फी भी ली। इस अवसर पर विभिन्न हितग्राही महिलाओं ने भी डॉ यादव का स्वागत किया। कार्यक्रम में मंच पर मुस्लिम वर्ग की महिलाएं भी पहुंची और मुख्यमंत्री का स्वागत, अभिनंदन किया।

Next Post

पिकअप वाहन से अवैध शराब जप्त, एक आरोपी गिरफ्तार हरदा,26 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश के हरदा जिले की कोतवाली थाना क्षेत्र में रन्हाई रोड़ पर पुलिस ने एक पिकअप वाहन से लगभग एक लाख 10 हजार रुपए मूल्य की 30 पेटी अवैध शराब जप्त कर अवैध शराब तस्करी में लिप्त आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार होली पर्व पर पुलिस टीम ने रन्हाई रोड पर एक पिकअप वाहन का पीछा कर उसे अजनाल नदी पुल के पास स्थित परेटिया कॉलोनी के आगे घेराबंदी कर रोका। तलाशी के दौरान वाहन में 27 पेटी देशी सफेद प्लेन मदिरा एवं 3 पेटी देशी मदिरा मिली। अवैध शराब तथा शराब तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को जप्त कर लिया गया है। जप्त की गई अवैध शराब का बाजार मूल्य लगभग 1 लाख 10 हजार रुपए तथा वाहन का मूल्य लगभग 7 लाख रुपए बताया गया है। इस मामले में वाहन चालक मेवालाल राठौर निवासी ग्राम सडियापानी हरसूद खंडवा के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। साथ ही आरोपी को न्यायालय पेश कर 2 दिन का पुलिस रिमाण्ड प्राप्त किया गया है।

Tue Mar 26 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email हरदा, मध्यप्रदेश के हरदा जिले की कोतवाली थाना क्षेत्र में रन्हाई रोड़ पर पुलिस ने एक पिकअप वाहन से लगभग एक लाख 10 हजार रुपए मूल्य की 30 पेटी अवैध शराब जप्त कर अवैध शराब तस्करी में […]

You May Like