सतना: उचेहरा थाना क्षेत्र के दो मंदिरों में हुई चोरी की वारदातों में पुलिस ने कटनी निवासी एक दंपती को गिरफ्तार किया है. आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद विस्तृत पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है.पुलिस के अनुसार, इस मामले में राजा मोहन साहू (42) पिता स्व. गोपाल साहू और उनकी पत्नी राजनंदनी साहू को आरोपी बनाया गया है, जो कटनी के प्रेम नगर क्षेत्र में तिलक कॉलेज के पास के निवासी हैं.
जांच में सामने आया है कि 21 जून को रामपुर पाठा के राधा-कृष्ण मंदिर और 14 जुलाई को परसमनिया पहाड़ स्थित सत्य माता मंदिर में चोरी की घटनाएं हुई थीं. उचेहरा थाने में अपराध क्रमांक 265/26 और 284/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) एवं 305(ए) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही थी. गिरफ्तारी और रिमांड के बाद पुलिस अब आरोपियों से चोरी गए माल की बरामदगी तथा दोनों वारदातों से जुड़े अन्य बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है.
