इंदौर: शहर में यातायात सुधार के लिए छह चौराहों के लेफ्ट टर्न चौड़े करने और पांच सड़कों पर ऑन स्ट्रीट पार्किंग का प्रयोग किया जाएगा. साथ ही स्कूली बसों में सुरक्षा और मॉनिटरिंग के लिए ‘शिक्षा सारथी’ पोर्टल बनाया जाएगा. उक्त निर्णय आज जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए हैं.कलेक्टर कार्यालय सभागृह में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई. बैठक में यातायात सुधार की समीक्षा और कई निर्णय लिए गए. समिति की बैठक में नगर निगम चौराहा, न्याय नगर चौराहा, बंगाली चौराहा, बिजलपुर चौराहा, अमृत होटल एबी रोड तथा पालदा नाका चौराहे के लेफ्ट टर्न चौड़े किए जाएंगे.
बैठक में शहर के 11 चौराहों पर लेफ्ट टर्न चौड़ीकरण कार्य करने की जानकारी दी गई. कलेक्टर शिवम वर्मा ने शहर में अनुपयोगी बिजली एवं अन्य खंभों को हटाने के निर्देश भी दिए. इसके अलावा ऑन-स्ट्रीट पार्किंग पायलट प्रोजेक्ट की समीक्षा की. कलेक्टर वर्मा ने बताया कि नगर निगम द्वारा तीन सड़कों द्वारा ऑन-स्ट्रीट पार्किंग प्रयोग के अच्छे परिणाम मिल रहे हैं. उक्त तीन सड़कों पर पार्किंग व्यवस्था बेहतर हुई है और यातायात भी सुगम हुआ है. अब पांच और सड़कों ऑन स्ट्रीट पार्किंग लागू करने की तैयारी की जा रही है. बैठक में नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, वन मंडलाधिकारी सुधाकर लाल सिंह, डीसीपी ट्रैफिक राजेश त्रिपाठी, स्मार्ट सिटी सीईओ अर्थ जैन, निगम अपर आयुक्त आकाश सिंह एवं अभय राजनगांवकर, अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
स्कूली बस सुरक्षा के लिए पोर्टल
बैठक में बताया कि स्कूली बसों की सुरक्षा, मॉनिटरिंग और सत्यापन के लिए विशेष ‘शिक्षा सारथी’ पोर्टल बनाया जा रहा है. उक्त पोर्टल पर बस चालक का सत्यापन, वाहन मालिक का नाम, फिटनेस, इंश्योरेंस, पीयूसी, सीसीटीवी, जीपीएस तथा अन्य सुरक्षा संबंधी जानकारियां उपलब्ध रहेंगी. समिति की बैठक में बायपास पर ब्लैक स्पॉट, फ्लाई ओवर ब्रिज निर्माण के दौरान डायवर्शन मार्गों और अन्य स्थानों पर सड़क पर निर्बाध यातायात के लिए यातायात विभाग को निरंतर सुचारू संचालन के निर्देश दिए गए.
