जबलपुर। नागपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रकों को निशाना बना डीजल पार करने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड के सरेंडर से पहले बरगी पुलिस ने उसे दबोच लिया। जिसकी गिरफ्तारी दर्ज करने के बाद आरोपित को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।विदित हो कि सात नवम्बर को सूचना मिली थी कि मनकेड़ी में एक खंडहर कमरे के बाहर एक संदिग्ध स्कार्पियो क्रमांक 25 बी एच 1410 एन खड़ी है। कमरे के अंदर 5 युवक बैठकर बरगी हाईवे से गुजरने वाले या वहां खड़े ट्रकों, हाईवा से डीजल चुराने और विरोध करने पर चालकों पर हमला कर लूटपाट व डकैती डालने की योजना बना रहे हैं।
पुलिस ने घेराबंदी कर रजा अली उर्फ राजा (27), मोहम्मद साहिल (23), साहिल मंसूरी (18) सभी निवासी रजा चौक, हनुमानताल को धरदबोचा था जबकि स्कार्पियो मालिक रिजवान उर्फ छोटा पठान समेत शेरू खान फरार हो गए थे। स्कार्पियो से 10 बड़ी कुप्पियां मिलीं थी जिसमें से 6 कुप्पियों में करीब 210 लीटर डीजल भरा हुआ था, जबकि 4 कुप्पियां खाली थीं। आरोपियों ने कुबूल किया था कि यह डीजल उन्होंने 5 और 6 नवंबर की दरमियानी रात नागपुर-जबलपुर हाईवे पर खड़े 5-6 अलग-अलग ट्रकों से चोरी किया था। बची हुई 4 खाली कुप्पियों को वे और ट्रकों में डाका डालकर भरने की फिराक में थे।
इनका कहना है
गिरोह का फरार मास्टरमाइंड रिजवान उर्फ छोटा पठान कोर्ट में सरेंडर करने की तैयारी में था। जिसे पुलिस ने सरेंडर से पहले धरदबोचा। गिरफ्तार करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया है जबकि शेरू खान अब भी फरार है जिसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही हैं।
अभिषेक प्यासी, उप निरीक्षक,
बरगी नगर चौकी प्रभारी
