
उज्जैन। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान और पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी से आ रही ठंडी हवा ने धार्मिक नगरी का मिजाज बदल दिया है। दिन के बाद रात का तापमान कम हुआ है। दिसंबर माह का प्रथम सप्ताह कड़ाके की ठंड में गुजरने की संभावना है। इसके साथ ही मुख्य चौराहों पर प्रात: अलाव भी जलने लगे हैं।
देश के दक्षिणी प्रदेशों में बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान का असर दिखाई दे रहा है। उड़ीसा आंध्र प्रदेश सहित आसपास के प्रदेशों में बारिश हो रही है तूफान के साथ ही पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय बना हुआ है। जिसके चलते उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई है। उत्तरी क्षेत्र में बर्फबारी का असर मध्य प्रदेश में दिखाई दे रहा है ठंडी हवा की आगोश में धार्मिक नगरी उज्जैन घिरी दिखाई दे रही है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से ढाई डिग्री कम होकर 27.5 डिग्री दर्ज हुआ। हवा की रफ्तार 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की बनी हुई थी जिसका असर रात के तापमान पर पड़ा न्यूनतम तापमान 12 डिग्री दर्ज हुआ है जो सीजन में अब तक सबसे कम है। स्थानीय शासकीय जीवाजी वेधशाला के अनुसार आगामी कुछ दिनों तक तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा दिसंबर माह का प्रथम सप्ताह कड़ाके की ठंड में आ सकता है। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान का असर धार्मिक नगरी में नहीं होगा लेकिन उत्तर भारत की ओर से आ रही ठंडी हवा से मौसम में ठंडक बनी रहेगी।
अब धूप लग रही सुहानी
उत्तर दिशा से आ रही बर्फीली ठंडी हवा से जहां ठंड बढ़ रही है वहीं धूप भी सुहानी लगने लगी है। 2 दिन से दिन रात का तापमान कम हो रहा है। अब लोग दिन में धूप का आनंद लेते हुए भी दिखाई देने लगे हैं। गुरुवार को दिनभर चली ठंडी हवा चुभन भारी महसूस हो रही थी जिसके चलते लोग घरों के बाहर और छतो पर धूप में दिखाई दे रहे थे। शाम ढलने के बाद गर्म कपड़ों का सहारा लिया जा रहा था घरों में पंखे की रफ्तार भी अब थमने लगी है। शहर वासियों को नवंबर माह की शुरुआत से ही ठंड का इंतजार था जो 3 सप्ताह बाद शुरू हो चुका है।
