
इंदौर. शहर में ई-रिक्शा चोरी कर उनकी बैटरियां निकालकर बेचने वाले गिरोह का संयोगितागंज पुलिस ने पर्दाफाश किया है. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सात चोरी के ई-रिक्शा और 69 बैटरियां बरामद की हैं. जब्त माल की कीमत करीब 13 लाख 90 हजार रुपए बताई गई है. पुलिस का दावा है कि आरोपियों से शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की 12 वारदातों का खुलासा हुआ है.
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उज्ज्वल चौरसिया उम्र 25 साल, निवासी सुखलिया और नरोत्तम चौहान उम्र 45 साल, निवासी गोरी नगर, सुखलिया को गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपियों ने पीसी सेठी अस्पताल, चिड़ियाघर, एमवाय अस्पताल परिसर, रोबोट चौराहा, महू नाका, चोइथराम मंडी, कनकेश्वरी गरबा मैदान और मेघदूत गार्डन के सामने सहित शहर के अलग अलग स्थानों से ई-रिक्शा चोरी करना स्वीकार किया.
आरोपियों का तरीका यह था कि वे पहले ई-रिक्शा चुराते, फिर उसकी बैटरियां निकालकर बेच देते थे. इसके बाद रिक्शा को किसी सुनसान जगह पर लावारिस छोड़कर फरार हो जाते थे. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर संयोगितागंज क्षेत्र से चोरी के सात ई-रिक्शा और उनकी 29 बैटरियां बरामद कीं. इसके अलावा शहर के अन्य थाना क्षेत्रों से चोरी की गई 40 बैटरियां भी मिलीं. इस तरह कुल 69 बैटरियां जब्त की गईं. पूछताछ में आरोपियों ने 15 ई-रिक्शा चोरी करने की बात कबूली है, जबकि कार्रवाई में 12 वारदातों का खुलासा बताया गया है. पुलिस अब अन्य चोरी की घटनाओं और चोरी की संपत्ति के संबंध में आरोपियों से पूछताछ कर रही है. मामले में डीसीपी जोन 3 अभिषेक रंजन ने बताया कि ई-रिक्शा चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद संयोगितागंज पुलिस की विशेष टीम गठित की गई थी. टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों को पकड़ा. उनके कब्जे से सात ई-रिक्शा और 69 बैटरियां बरामद की गई हैं. अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है.
