पश्चिम बंगाल केएमसी चुनावों पर उच्च न्यायालय की रोक के खिलाफ शीर्ष अदालत पहुंचा

नयी दिल्ली, (वार्ता) पश्चिम बंगाल सरकार ने कलकत्ता उच्च न्यायालय के एक आदेश को चुनौती देते हुए उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है जिसमें उच्च न्यायालय ने राज्य चुनाव आयोग को कोलकाता नगर निगम के चुनावों की अधिसूचना जारी करने से रोक दिया था। यह रोक सितंबर में हुई परिसीमन प्रक्रिया के आधार पर लगाई गई थी जिसमें नगर निगम के वार्डों की संख्या 144 से बढ़ाकर 209 करने का प्रस्ताव है।

न्यायमूर्ति सब्यसाची भट्टाचार्य और न्यायमूर्ति अर्जुन रे मुखर्जी की खंडपीठ ने छह नवंबर को निर्देश दिया था कि जब तक परिसीमन प्रक्रिया को चुनौती देने वाले लंबित मामले का फैसला नहीं हो जाता, तब तक ‘कोलकाता नगर निगम अधिनियम, 1980’ की संशोधित अनुसूची-II के आधार पर कोई चुनाव अधिसूचना जारी न की जाए।

उच्च न्यायालय पूर्व पार्षद दीपू दास द्वारा दायर एक अपील पर सुनवाई कर रहा था जिसमें उन्होंने नगर निकाय चुनावों से पहले नगरपालिका वार्डों की सीमाएं फिर से तय करने संबंधी 11 सितंबर की अधिसूचना की वैधता पर सवाल उठाया था।

उच्च न्यायालय के सामने मुख्य सवाल यह था कि क्या चुनी हुई निकाय के भंग होने के बाद राज्य सरकार द्वारा नियुक्त प्रशासक, केएमसी अधिनियम की धारा 601 के तहत, निगम वार्ड की सीमाओं में बदलाव की सिफारिश कर सकता है।
उच्च न्यायालय ने माना कि ऐसी सिफारिश करने की वैधानिक शक्ति एक निर्वाचित निकाय के रूप में निगम के पास निहित है और इसका इस्तेमाल ऐसे प्रशासक द्वारा नहीं किया जा सकता जिसे केवल अस्थायी प्रशासनिक कार्य सौंपे गए हों।

उच्च न्यायालय ने गौर किया कि प्रशासक को सिफारिश करने की अनुमति देने का मतलब वास्तव में यह होगा कि राज्य सरकार अपने ही नियुक्त व्यक्ति के जरिए खुद को ही सिफारिश कर रही है। न्यायालय ने इस बात पर भी विचार किया कि क्या संविधान का अनुच्छेद 243जेडजी जो नगर निकाय चुनावों से जुड़े कुछ मामलों में न्यायिक हस्तक्षेप को सीमित करता है इस तरह की चुनौती पेश करने पर रोक लगाता है।

न्यायालय ने माना कि विचाराधीन कार्रवाई पर संवैधानिक प्रतिबंध लागू नहीं होता क्योंकि यह विवाद केएमसी अधिनियम की धारा 601 के तहत जारी एक कार्यकारी अधिसूचना से संबंधित था।

श्री दास ने यह भी आरोप लगाया था कि परिसीमन की प्रक्रिया राजनीतिक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से की गई धांधली के समान थी और यह वास्तविक जनसंख्या के आंकड़ों के बजाय मतदाता सूचियों पर आधारित थी।

उच्च न्यायालय ने कहा कि कानूनी दुर्भावना एवं राजनीतिक लाभ के लिए चुनावी क्षेत्रों की सीमाओं में हेरफेर के आरोपों पर निर्णय की आवश्यकता है और अंतरिम चरण में इनका अंतिम निपटारा नहीं किया जा सकता; हालांकि, न्यायालय ने अधिसूचना जारी होने तक की घटनाओं के क्रम पर चिंता जताई।

परिणामस्वरूप, उच्च न्यायालय एकल-न्यायाधीश के आदेश में संशोधन किया और राज्य चुनाव आयोग को याचिका का निपटारा होने तक, वार्ड की संशोधित सीमाओं के आधार पर चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ाने से रोक दिया।

Next Post

हाई कोर्ट ने राज्य परिवहन प्राधिकरण के पुनर्गठन को चुनौती देने वाली याचिका खारिज की

Tue Nov 17 , 2026
ग्वालियर: प्रदेश में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत प्रस्तावित बसों के संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कानूनी बाधा दूर हो गई है। हाई कोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने राज्य परिवहन प्राधिकरण के पुनर्गठन को चुनौती देने वाली याचिका खारिज कर दी है। इससे प्राधिकरण पर लगी रोक समाप्त […]

You May Like