महादेव ऐप मामले में भोपाल तक पहुंची CBI की जांच, 6 राज्यों के 33 ठिकानों पर छापे

भोपाल। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने शिकंजा कस दिया है। शनिवार को छह राज्यों के 33 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। इसमें भोपाल भी शामिल है। जांच एजेंसी की कार्रवाई में सट्टेबाजी और जुए के कई पैनल संचालित होते मिले, जिन्हें बंद कराया गया। छापों में मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और अहम दस्तावेज जब्त किए गए हैं। शुरुआती जांच में म्यूल बैंक खातों और हवाला के जरिए करोड़ों रुपये के लेनदेन का नेटवर्क सामने आया है।

CBI ने यह कार्रवाई मामले के प्रमुख आरोपी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिली जानकारियों के आधार पर की है। चंद्राकर को एक नवंबर को ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था। पूछताछ में उसने भारत में सक्रिय पैनल ऑपरेटरों और सट्टेबाजी के नेटवर्क से जुड़ी जानकारी दी थी।

छापेमारी अमृतसर, दिल्ली, नागौर, धौलपुर, भोपाल, रायपुर, दुर्ग, इंदौर, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई और नागपुर समेत कई शहरों में की गई। जांच में सामने आया है कि ऐप का मुख्य नेटवर्क विदेश से संचालित होता था, जबकि भारत में स्थानीय पैनल ऑपरेटर ग्राहकों को आईडी उपलब्ध कराकर सट्टा खिलाते थे। रकम दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए या किराये पर लिए गए बैंक खातों में जमा होती थी। इसके बाद हवाला के जरिए मुनाफा विदेश भेजा जाता था।

19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में चंद्राकर

आठ दिन की पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद 12 नवंबर को सौरभ चंद्राकर को रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया था। अदालत ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। CBI अब विदेश में बैठे आरोपियों, नेटवर्क के संचालकों और इसमें मदद करने वाले लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। फरार आरोपियों को भारत लाने की प्रक्रिया भी जारी है।

आम लोगों को चेतावनी

CBI ने लोगों को चेताया है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुआ गैरकानूनी हैं। किसी दूसरे व्यक्ति को अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान संबंधी दस्तावेज इस्तेमाल करने के लिए देना भी अपराध है। ऐसे मामलों में खाताधारक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई हो सकती है।

Next Post

रतनगढ़ माता जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी

Sat Nov 14 , 2026
ग्वालियर। रतनगढ़ माता मंदिर के दर्शन को जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली रास्ते में ही पलट गई। 2 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि 17 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हैं। ट्रैक्टर ट्रॉली में 20-22 लोग सवार थे। सभी घायलों को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया […]

You May Like