पेरिस 29 जुलाई (वार्ता) सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय पुरुष जोड़ी का मार्क लैम्सफस और मार्विन सेडेल की जोड़ी से होने वाला बैडमिंटन युगल मुकाबला सोमवार को अंतिम समय में रद्द कर दिया गया।
आज ग्रुप-सी के मुकाबले में मार्क लैम्सफस और मार्विन सेडेल की जोड़ी का सात्विक चिराग की भारतीय जोड़ी के साथ मैच होना था। लेकिन जर्मनी के खिलाड़ी लैम्सफस के चोट के कारण नाम वापस लेने के बाद मुकाबले को रद्द कर दिया गया है।
भारतीय जोड़ी ग्रुप के अपने आखिरी मुकाबले में मंगलवार को इंडोनेशिया के फजर अल्फियान और मुहम्मद रियान अर्दियांतो की जोड़ी का सामना करेगी।
उल्लेखनीय है कि सात्विक और चिराग ने शनिवार को लुकास कोरवी और रोनन लाबार की फ्रांसीसी जोड़ी पर 21-17, 21-14 से जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की थी।