नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान और रामपुर की जौहर यूनिवर्सिटी का मामला अब छात्र संगठनों के बीच भी चर्चा का विषय बन गया है। दिल्ली के प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में छात्र नेताओं ने आजम खान की गिरफ्तारी और यूनिवर्सिटी के खिलाफ कार्रवाई को लेकर बीजेपी सरकार पर सवाल उठाए। छात्रों ने आजम खान की रिहाई और जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर जारी कार्रवाई रोकने की मांग की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के छात्र नेता इकरार बीआई ने कहा कि आजम खान को अदालत से रिहाई मिलने के बाद दोबारा गिरफ्तार किया गया। उन्होंने जौहर यूनिवर्सिटी के खिलाफ ADA की ओर से जारी ध्वस्तीकरण आदेश पर भी आपत्ति जताई। इकरार ने कहा कि इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा नुकसान यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को उठाना पड़ रहा है। उनके भविष्य, पढ़ाई और करियर पर अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं।
इकरार बीआई ने बीजेपी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि आजम खान और जौहर यूनिवर्सिटी को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि मुस्लिम होने की वजह से कार्रवाई की जा रही है और इसकी कीमत छात्रों को चुकानी पड़ रही है।
वहीं, AISA की अध्यक्ष मंतशा इरफान ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बीजेपी नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने बीजेपी नेता रघुराज सिंह के अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी और जामिया मिल्लिया इस्लामिया को आतंकवादियों का ठिकाना बताए जाने संबंधी कथित बयान की आलोचना की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में छात्र नेताओं ने कहा कि राजनीतिक विवाद और सरकारी कार्रवाई के बीच विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की शिक्षा और भविष्य प्रभावित नहीं होना चाहिए। उन्होंने मांग की कि जौहर यूनिवर्सिटी के खिलाफ कार्रवाई पर रोक लगाई जाए और आजम खान को रिहा किया जाए।
