ग्वालियर: कभी-कभी किसी की छोटी-सी इच्छा भी उसके चेहरे पर बड़ी मुस्कान ला सकती है। ग्वालियर के स्वर्ग सेवा सदन में रह रहे सचिन की भी एक ऐसी ही इच्छा है। पैरालिसिस से जूझ रहे सचिन श्री अनिरुद्धाचार्य महाराज से मिलना चाहते हैं। उनकी इस इच्छा को पूरा कराने के लिए अब सोशल मीडिया के जरिए लोगों से मदद की अपील की जा रही है।
दरअसल, सनातन सेना के प्रदेश अध्यक्ष पंकज ठाकुर ने स्वर्ग सेवा सदन पहुंचकर वहां रह रहे निराश्रित और बेसहारा लोगों से मुलाकात की। इसी दौरान उनकी मुलाकात सचिन नाम के युवक से हुई। बातचीत के दौरान पंकज ठाकुर ने सचिन का अभिवादन ‘सीताराम’ कहकर किया, तो सचिन ने मुस्कुराते हुए ‘राधेश्याम’ कहकर जवाब दिया।
बातचीत के दौरान सचिन ने अपनी इच्छा जाहिर करते हुए बताया कि वह अनिरुद्धाचार्य महाराज से मिलना चाहते हैं। संयोग से 30 नवंबर को अनिरुद्धाचार्य महाराज की ग्वालियर में श्रीमद्भागवत कथा प्रस्तावित है।
सचिन की इस इच्छा को पूरा कराने के लिए पंकज ठाकुर ने श्रद्धालुओं और सोशल मीडिया यूजर्स से भावुक अपील की है। उन्होंने लोगों से सचिन का वीडियो अधिक से अधिक साझा करने का आग्रह किया है, ताकि यह संदेश अनिरुद्धाचार्य महाराज तक पहुंचे और सचिन को उनसे मिलने का अवसर मिल सके।
