
सारनी। बगडोना स्थित ज्वेलर्स की दुकान में बेटी को गहने दिखाने में उलझाकर तिजोरी से सोने के जेवर लेकर फरार, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस।बागडोना क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मोहित ज्वेलर्स की दुकान पर ग्राहक बनकर पहुंचे एक युवक ने दुकान में मौजूद संचालक की बेटी को गहने दिखाने में उलझाया और इसी दौरान बड़ी चालाकी से तिजोरी में हाथ डालकर सोने के जेवरों की एक पोटली पार कर दी। चोरी गए जेवरों की कीमत लगभग 20 से 25 लाख रुपये बताई जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 10 नवम्बर 2026 को दोपहर करीब 3 बजे की बताई जा रही है। नीली टी-शर्ट पहने युवक ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचा और गहने दिखाने के लिए कहा। दुकान में मौजूद बच्ची जब उसे गहने दिखाने में व्यस्त थी, तभी युवक ने मौका पाकर तिजोरी से सोने के जेवरों की पोटली उठाई और जेब में रखकर बाहर निकल गया।
बताया जा रहा है कि दुकान से निकलने के बाद युवक मोटरसाइकिल से आगे बढ़ा, जहां बत्रा हार्डवेयर एवं जियो पेट्रोल पंप के सामने एक अन्य व्यक्ति कैप लगाए हुए मिला। इसके बाद वह व्यक्ति भी मोटरसाइकिल पर सवार हो गया और दोनों सारनी की ओर फरार हो गए।
दुकान संचालक अरविंद सोनी के अनुसार, घटना के समय दुकान पर उनकी बेटी मौजूद थी। मामले की शिकायत सारनी पुलिस थाने में की गई है। वहीं, शाम करीब 5 बजे सारनी स्थित आकाश ज्वेलर्स में पहुंचे कैप लगाए संदिग्ध व्यक्ति की तस्वीर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की जानकारी भी सामने आई है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से व्यापारियों में चिंता का माहौल है। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और चोरी गए जेवरों की बरामदगी के प्रयास में जुटी है। स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस से मामले का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है।
