अन्नदाता का अपमान बर्दाश्त नहीं! भाजपा सांसद पर बरसी किसान कांग्रेस 

भोपाल। भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा की किसानों को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पर मध्य प्रदेश में सियासत गरमा गई है। सांसद द्वारा किसानों को नशेड़ी, गांजा पीने वाला और चिलम फूंकने वाला बताए जाने के मामले में किसान कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। संगठन ने इसे देश के करोड़ों अन्नदाताओं का अपमान बताते हुए सांसद के खिलाफ FIR दर्ज करने और उनके इस्तीफे की मांग की है।

भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने भाजपा पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक ओर भाजपा सरकार किसान कल्याण और किसानों के सम्मान की बात करती है, वहीं दूसरी ओर उसके जनप्रतिनिधि अन्नदाताओं के लिए अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं।

चौहान ने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत कर देश का पेट भरता है, लेकिन बढ़ती खेती की लागत, महंगी खाद-बीज और फसलों का उचित मूल्य नहीं मिलने से पहले ही परेशान है। ऐसे में किसानों का सार्वजनिक अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

किसान कांग्रेस ने सांसद जनार्दन मिश्रा के खिलाफ FIR, इस्तीफे और भाजपा से निष्कासन की मांग की है। चौहान ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशभर में आंदोलन तेज किया जाएगा और मुख्यमंत्री निवास का घेराव होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल माफी से मामला खत्म नहीं होगा और किसानों के सम्मान की लड़ाई जारी रहेगी।

Next Post

एनएच-39 बरगवां में बेकाबू ऑटो वाहन पलटा

Wed Nov 11 , 2026
सिंगरौली । सिंगरौली तरफ से रेलवे स्टेशन बरगवां ट्रेन पकड़ने ऑटो वाहन में सवार होकर आ रहे थे कि बरगवां ओवर ब्रिज के पास अनियंत्रित होकर ऑटो वाहन पलट गया और इस हादसे में 8 मुसाफिर घायल हो गये। सभी घायलो को इलाज बैढ़न के निजी अस्पताल में चल रहा […]

You May Like