शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल में पाली रोड स्थित वन विभाग कार्यालय परिसर के एक सरकारी आवास में बुधवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना करीब 11:30 बजे की है। आवास से आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख विभागीय कर्मचारियों और आसपास के लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आने से आवास के अंदर रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, समय रहते आग बुझा दिए जाने से परिसर के अन्य सरकारी आवास और वन विभाग का कार्यालय सुरक्षित बच गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
