गुना। तहसील के ग्राम रजोला में उस समय हड़कंप मच गया जब एक किसान के खेत में अचानक विशालकाय मगरमच्छ दिखाई दिया। खेत में मगरमच्छ की मौजूदगी की खबर फैलते ही आसपास के इलाकों और रहवासी बस्ती में दहशत का माहौल बन गया है।
घबराए ग्रामीणों और पशुपालकों ने तुरंत सूचना देकर वन विभाग से मदद की गुहार लगाई है।मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना तब हुई जब किसान अपने खेत में ट्रैक्टर चलवाने से पहले स्थिति का मुआयना करने पहुंचे थे। उसी दौरान उन्हें खेत में मगरमच्छ दिखाई दिया।
आशंका जताई जा रही है कि नजदीकी तालाब में जलस्तर कम होने के कारण मगरमच्छ पानी से निकलकर भोजन व आश्रय की तलाश में खेतों का रुख कर रहे हैं।
खेतों और रहवासी बस्तियों के इतने पास मगरमच्छ आने से ग्रामीणों और किसानों में भारी डर का माहौल है। किसानों का कहना है कि खेतों में मगरमच्छों की आवाजाही के कारण उन्हें खेती-किसानी का काम करने में भारी दिक्कतों और जान के खतरे का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम से जल्द से जल्द मगरमच्छ का रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ने और इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है
