सिंगरौली । ननि में विकास कार्यों को लेकर चल रही खींचतान के बीच परिषद अध्यक्ष देवेश पांडेय ने आज गुरुवार को प्रेसवार्ता कर लंबित परियोजनाओं को लेकर बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि बैढ़न शॉपिंग प्लाजा और सिविक सेंटर के निर्माण प्रस्तावों को परिषद ने मंजूरी दे दी है।
अध्यक्ष के मुताबिक ये परियोजनाएं करीब ढाई साल से लंबित थीं और अब जाकर इनके आगे बढ़ने का रास्ता साफ हुआ है। आगे बताया कि बैढ़न शॉपिंग प्लाजा में 45 दुकानों का निर्माण प्रस्तावित है। मौजूदा प्लाजा जर्जर होने के कारण दुकानदारों को फुटपाथ पर कारोबार करना पड़ रहा है। ऐसे में निर्माण की मंजूरी से उन्हें राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं बैढ़न एनसीएल ग्राउंड में सिविक सेंटर का निर्माण भी होगा। इसके निर्माण से शहर का न केवल विकास होगा बल्कि रोजगार के अवसर भी खुलेंगे। अध्यक्ष ने महापौर पर विकास कार्यों में बाधा डालने का आरोप लगाते हुये कहा कि विकास से जुड़े प्रस्ताव लंबे समय तक अटके रहे, जिससे शहर को नुकसान उठाना पड़ा।
महापौर के विरोध में अटकी विकास की परियोजनाएं!
नगर निगम में विकास की राह आखिर इतनी मुश्किल क्यों हो गई? यह बड़ा सवाल है। वहीं परिषद अध्यक्ष देवेश पांडेय ने महापौर पर विकास कार्यों में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए लंबित परियोजनाओं का मुद्दा उठाया है। ढाई साल तक बैढ़न शॉपिंग प्लाजा और बिलौंजी सिविक सेंटर जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं अटकी रहीं। इसका खामियाजा शहर और आम जनता को भुगतना पड़ा। यहां बताते चले कि सिविक सेंटर और व्यावसायिक प्लाजा गनियारी के मामले में एक पार्षद ने उच्च न्यायालय का शरण लिया था। चर्चा यही है कि महापौर के इशारे पर पार्षद न्यायालय के शरण में थे। जहां से महापौर के पक्ष को झटका लगा है।
