टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के आरोपी प्रांजल की कुंडली खुली

इंदौर: सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ तस्वीरें और गैंगस्टर जैसी छवि दिखाने की कोशिश टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में आरोपी प्रांजल ठाकरान को भारी पड़ गई. गिरफ्तारी से करीब 15 घंटे पहले उसने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी पोस्ट की थी. इसमें वह बंदूक और पिस्टल के साथ नजर आ रहा है. गले में गोलियां लटकी हैं और बैकग्राउंड में गाना बज रहा है, ‘कई केसों में थारा नाम चलेगा, बाहर के देशों में भी नाम होगा.’ अब यह स्टोरी सोशल मीडिया पर चर्चा में है.
हरियाणा के सोनीपत निवासी प्रांजल की गिरफ्तारी के बाद उसके पुराने मामलों की भी चर्चा होने लगी है. क्राईम ब्रांच सूत्रों से पता चला कि हरियाणा के पानीपत में एक मनी एक्सचेंज सेंटर के बाहर हुई फायरिंग में भी उसका नाम सामने आया था. उस मामले में भी पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन तब वह पकड़ में नहीं आया था. इस बार मुंबई में टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में तलाश के दौरान वह इंदौर में मिला. क्राइम ब्रांच ने मुंबई पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए प्रांजल को मालवा मिल क्षेत्र के एक अस्पताल से गिरफ्तार किया था.
रिमांड अवधि पूरी होने पर दोबारा इंदौर ला सकती है मुंबई पुलिस
गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से तीन दिन का ट्रांजिट रिमांड मंजूर हुआ. अब मुंबई क्राइम ब्रांच उसे अपने साथ ले गई है. रिमांड अवधि पूरी होने के बाद मुंबई पुलिस उसे दोबारा इंदौर ला सकती है. एडीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया ने बताया कि मुंबई पुलिस के साथ कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया है. कोर्ट से तीन दिन का ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद उसे मुंबई पुलिस के सुपुर्द किया है.
प्रांजल ने आरोपियों को हथियार मुहैया कराने में मदद की थी
जांच एजेंसियां अब मुंबई में हुई फायरिंग की घटना में उसकी भूमिका की पड़ताल कर रही हैं. आरोप है कि उसने हमले में शामिल आरोपियों को हथियार मुहैया कराने में मदद की थी. उसे हमले की जानकारी भी थी. ज्ञात रहे 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू में फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर पांच से छह राउंड फायरिंग हुई थी. घटना में टाइगर सुरक्षित रहे, जबकि उनके ड्राइवर और एक व्लॉगर घायल हो गए थे.

होटल छोड़ भाई के अस्पताल में गुजारता था रात
प्रांजल की पूरी कुंडली पुलिस ने खंगाली है. वह पिछले पांच दिनों से इंदौर में था. टाइगर पर हमले के बाद उसे पता था कि पुलिस उसकी तलाश कर रही है. इस कारण वह किसी होटल में ठहरने के बजाय एक अस्पताल में रात बिता रहा था, जहां उसका भाई भर्ती है. वह मालवा मिल चौराहे स्थित अंकुर स्टेप डाउन सेंटर में भर्ती अपने पैरालिसिस पीड़ित भाई से मिलने रोज जाता था. दिनभर वहीं रहने के बाद वह रात को विजिटर्स रूम में ठहर जाता था. इस अस्पताल में उसके भाई की फिजियोथेरेपी चल रही है.

मधुर भंडारकर पर फायरिंग के आरोपी को भी इंदौर से पकड़ा था...
मुंबई में हुई चर्चित वारदातों के आरोपियों की तलाश में पुलिस पहले भी इंदौर तक पहुंचती रही है. कुछ साल पहले फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर पर फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस ने इंदौर के नयापुरा क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया था. अब टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में प्रांजल की इंदौर से गिरफ्तारी ने एक बार फिर शहर को दूसरे राज्य की पुलिस की जांच के केंद्र में ला दिया है.

Next Post

साइबर ठगों को बैंक खाता उपलब्ध करवाने वाला बिचौलिया धराया

Mon Oct 26 , 2026
इंदौर: साइबर ठगी की रकम हासिल करने के लिए बैंक खाते का इस्तेमाल किया जा रहा था. तुकोगंज पुलिस ने ऐसे मामले में खाता धारक और बिचौलिये को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया कि संबंधित खाते में देश के अलग-अलग राज्यों से करीब नौ लाख रुपए की ठगी […]

You May Like