ISBT में बड़ा हादसा: आग की चपेट में आईं कई बसें, गनीमत रही कि बची लोगों की जान

भोपाल।ISBT पर रविवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अचानक वहां खड़ी बसों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कई बसों को अपनी चपेट में ले लिया।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में वर्मा ट्रैवल्स की लगभग सात से आठ बसें प्रभावित हुई हैं, जो मुख्य रूप से नागपुर, अहमदाबाद और सूरत रूट पर चलती हैं। आग इतनी भयानक थी कि आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया और ऊंची-ऊंची लपटें दूर से ही दिखाई देने लगीं। बस स्टैंड परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास खड़ी अन्य बसें भी इसकी चपेट में आ गईं।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां, स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद, करीब डेढ़ घंटे की लगातार कोशिश के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। बस मालिक दीपक वर्मा भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। हालांकि, इस भीषण हादसे में लगभग पांच से छह करोड़ रुपये के भारी नुकसान का दावा किया गया है। सुरक्षा को देखते हुए प्रभावित बसों के सभी ट्रिप रद्द कर दिए गए हैं। गनीमत यह रही कि इस बड़े हादसे में किसी के हताहत होने की आधिकारिक सूचना नहीं है। पुलिस और प्रशासन मामले की बारीकी से जांच कर रहा है।

You May Like